100 से ज्यादा लोगों के साथ प्लाॅट बेचने के नाम पर ठगी
भू माफिया, पत्नी सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने डूब क्षेत्र में प्लाॅट बेचने और पैसा ठगने वाले भू माफिया, पत्नी सहित आठ लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। यह लोग 100 से ज्यादा लोगों के साथ प्लाॅट बेचने के नाम पर ठगी कर चुके हैं।
पुलिस को लगातार प्लाॅट बेचने के नाम पर ठगी किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। प्रतिबंधित क्षेत्र में लोगों को जमीन दिखाई जाती और उसके फर्जी कागज तैयार कर खरीदार को थमाए जाते। जांच की गई तो अधिकांश मामलों में भू माफिया श्यामाचरण मिश्रा और उसकी पत्नी सरिता मिश्रा का गैंग सामने आया। पुलिस ने इनके साथ-साथ अरविंद, मुकेश मिश्रा, संदीप शर्मा, विजय यादव, दलवीर और उस्मान के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।