Molestation of trainee girl students, case registered against 4 accused
फिरोजपुर झिरका। डॉ. भीमराव आंबेडकर भवन में संचालित एक एनजीओ में चलाए जा रहे कोचिंग सेंटर में प्रशिक्षु छात्राओं से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस कोचिंग सेंटर पर दबिश देकर मौके से एक डीवीआर, एलसीडी, कीबोर्ड, प्रिंटर, दो रजिस्टर सहित काफी दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस ने सेंटर की संचालिका, प्रिंसिपल, ट्रेनर सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, सभी आरोपी फरार है।
पुलिस चौकी सिटी प्रभारी जितेंद्र कुमार के अनुसार, डॉ. भीमराव आंबेडकर दलित समाज विकास समिति ने सांयमीरबास गांव की उमर रुहानी की संस्था को बिल्डिंग किराए पर दी हुई है। इस भवन में एनजीओ द्वारा छात्र-छात्राओं को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत आत्मनिर्भर बनाने के लिए कंप्यूटर और एनएनएम कोर्स का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। डॉ. भीमराव आंबेडकर दलित समाज विकास समिति के पूर्व प्रधान डालचंद द्वारा शिकायत में आरोप लगाया गया कि एनजीओ के प्रशिक्षक द्वारा प्रशिक्षण देने की आड़ में प्रशिक्षु युवतियों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। पुलिस ने इस सेंटर पर दबिश दी। पुलिस की टीम को देखकर सभी टीचर्स, प्रिंसिपल एवं अन्य कर्मचारी फरार हो गए। कोचिंग सेंटर से बरामद किए गए डीवीआर एवं अन्य सामान के बाद इस कोचिंग सेंटर की संचालिका उमर रुहानी निवासी सांयमीरबास, प्रिंसिपल नाविद आलम, नसीम अहमद ट्रेनर, मोहम्मद आजाद एएनएम ट्रेनर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों की मानें तो एनजीओ के इस कोचिंग सेंटर से जब्त किए सामान से उनको इस तरह की वीडियो मिले हैं, जिनमें प्रशिक्षु युवतियों के साथ छेड़छाड़ की जा रही है।
मामले को दबाने का किया गया प्रयास
शुरुआत में भाजपा नेताओं का दबाव देकर इस मामले को दबाने का प्रयास किया गया। सूत्रों की मानें तो भाजपा के एक कद्दावर नेता ने स्थानीय भाजपा नेताओं पर दबाव बनाकर इस मामले को रफा-दफा कराने को कहा था।