मुख्यमंत्री के सलाहकारों ने की समीक्षा बैठक, सीईओ ने दिए अधिकारियों को जरूरी निर्देश
-
89 आवंटियों के लीज प्लान अगले सप्ताह होंगे तैयार
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा।
यमुना सिटी के मेडिकल डिवाइस पार्क में उद्योग लगाने के काम में तेजी आएगी। जिन भूखंड की लीज हो चुकी है उनके नक्शे स्वीकृत कर निर्माण शुरू कराने को प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं, अगले सप्ताह सभी 89 आवंटियों के लीज प्लान तैयार कर उनकी डीड की कार्रवाई होगी। साथ ही, एक ही छत के नीचे सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
शनिवार को मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी और जीएन सिंह ने प्रशासनिक भवन में मेडिकल डिवाइस पार्क के संबंध में समीक्षा बैठक की। दोनों सलाहकारों ने सेक्टर-28 में 350 एकड़ में बन रहे मेडिकल डिवाइस पार्क का निरीक्षण भी किया। इस दौरान यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने अधिकारियों को आवंटियों के लीज प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। सीईओ ने बताया कि यमुना सिटी में देश का सबसे बड़ा मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जा रहा है। कॉमन फेसिलिटी की इमारत का काम अंतिम चरण में है ताकि उद्योगों को शुरू से जरूरी सहयोग मिल सके।
वहीं, अवनीश अवस्थी ने कहा कि आवंटियों को लोन सुगमता से मिले। जीएन सिंह ने प्रशासनिक भवन में ही मेडिकल डिवाइस पार्क प्रमोशनल काउंसिल के कार्यालय के साथ इंडियन फार्माकोपिया कमीशन, ड्रग्स कंट्रोलर, स्टेट लाइसेंसिंग अथॉरिटी के भी कार्यालय होने की जरूरत बताई। इससे जरूरी लाइसेंस और अनुमति आसानी से एक ही छत के नीचे कंपनियों को मिल सकेंगी। बैठक में डिप्टी ड्रग कंट्रोलर डॉ. अजय सचान, फार्माकोपिया कमीशन के निदेशक डॉ. सेल्वराजन भी मौजूद रहे।
65 आवंटियों की चेकलिस्ट जारी
एसीईओ कपिल सिंह ने बताया कि अभी तक 89 भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है जिसमें से 65 आवंटियों की चेकलिस्ट जारी हो चुकी है। 47 आवंटी रजिस्ट्री करा चुके हैं जिनमें से 10 के नक्शे स्वीकृत हुए हैं। केवल सात कंपनियों ने ही अभी यहां निर्माण शुरू किया है। इस पर परियोजना विभाग को सीईओ ने सभी आवंटियों के लीज प्लान एक सप्ताह में कराने के लिए कहा। इसके अलावा सभी से निर्माण शुरू और पूरा करने की कार्ययोजना भी मांगने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में ओएसडी शैलेंद्र भाटिया, शैलेंद्र कुमार सिंह, जीएम प्रोजेक्ट राजेंद्र भाटी, मेहराम सिंह चीफ इंजीनियर यूपीपीसीएल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
15 अगस्त तक दें प्रगति रिपोर्ट
बैठक मेंं अवनीश अवस्थी ने यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों को 15 अगस्त तक मेडिकल डिवाइस पार्क की प्रगति रिपोर्ट देने को कहा है।