फिरोजपुर झिरका/नूंह। भारतीय जनता पार्टी के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने मंगलवार को भाजपा मेवात के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक पारिवारिक संगठन है और यह सदा कार्यकर्ताओं का विश्वास जीतकर ही आगे बढ़ा है। भाजपा के पदाधिकारियों को भी अपने हर कार्यकर्ता को साथ लेकर चलना चाहिए ताकि भाजपा परिवार का और अधिक विस्तार हो सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा को विश्व की सर्वश्रेष्ठ पार्टी बनाने में कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कार्यकर्ता व पदाधिकारी अपने दृढ़ निश्चय के साथ अपना लक्ष्य लेकर चलें और पार्टी को यूं ही निरंतर आगे बढ़ाते चलें। प्रदेश अध्यक्ष ने नया प्रयोग करते हुए आउटडोर बैठक का निर्णय लिया और इसी के तहत नूंह जिले की कार्यसमिति की बैठक यूपी के वृंदावन में आयोजित की गई। कार्यकर्ता बसों में भरकर मंगलवार सुबह-सुबह ही वृंदावन पहुंचे और 10 बजे भारत माता के चित्र के सामने दीप प्रज्वलित कर बैठक की शुरुआत की। प्रदेश अध्यक्ष ने हरियाणा के भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यूपी चुनाव में भी भाजपा को जिताने के लिए तन-मन-धन से समर्पित होकर अपना योगदान दें।
कार्यशाला के पहले दिन प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कार्यकर्ता किसी भी पार्टी व संगठन की रीढ़ होते हैं, उनका मनोबल और आत्मविश्वास हमेशा पार्टी के लिए सर्वोपरि रहा है। उन्होंने कहा भाजपा ही एक ऐसा दल और पार्टी है जिसमें छोटे से छोटे कार्यकर्ता शीर्ष नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाल सकता है। उन्होंने कहा एक अच्छे नेता में लोगों का विश्वास होने के साथ-साथ सकारात्मक सोच होनी चाहिए। कार्यसमिति की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नरेन्द्र पटेल ने की।
इस मौके पर प्रदेश किसान मोर्चा के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह श्योराण ने भारत सरकार की कृषि क्षेत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। इस मौके पर आईटी सेल के प्रदेश संयोजक अरुण यादव ने कहा पार्टी कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफार्म पर प्रसारित करने का काम करें। वहीं पूर्व मंत्री राम बिलास शर्मा ने कहा कि 7 साल केंद्र सरकार के बेमिसाल रहे हैं। मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी जगदीश चोपड़ा ने भी विचार रखे। पलवल के विधायक दीपक मंगला ने भी जानकारी दी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला प्रभारी समय सिंह भाटी, सुरेंदर आर्य, नौक्षम चौधरी, भानीराम मंगला, महेंद्र गर्ग, ओमबीर शर्मा, औरंगजेब, खुर्शीद राजाका, आलम मंडल, राजकुमार गर्ग, शिव कुमार आर्य, दलबीर तंवर, जिला मीडिया प्रभारी मनीष जैन व सभी जिला पदाधिकारी, सभी मोर्चो के अध्यक्ष, महामंत्री, सभी मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।