रात में कटौती के साथ लो वोल्टेज ने बढ़ाई परेशानी
- सेक्टर-122 विद्युत उपकेंद्र में तैनात कर्मचारी रात में मिले नदारद, वीडियो वायरल
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने शहर के लोगों को जीना दुश्वार कर दिया है। बिजली कब आएगी और कब चली जाएगी, इसका कोई समय निश्चित नहीं है। शनिवार रात सेक्टर-31 के सी ब्लॉक और सेक्टर-53 और गिझोड़ गांव में इसी तरह की समस्या का लोगों को सामना करना पड़ा। शनिवार रात सेक्टर-122 बिजली घर से जुड़े कई सेक्टरों में देर रात करीब तीन घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। वहीं, विद्युत उपकेंद्र पर गायब कर्मचारियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
रविवार रात सेक्टर-31 में लगे ट्रांसफार्मर का जंफर उड़ गया। इस वजह से सी ब्लॉक निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत उपकेंद्र और टोल नंबर पर शिकायत के बाद भी समस्या दूर नहीं हुई। फोनरवा से जुड़े पदाधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा तब कहीं जाकर विद्युत निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और खामियों को दूर कर आपूर्ति शुरू कराई। इसी तरह सेक्टर-53 और गिझोड़ गांव में दो से तीन घंटे तक कटौती के साथ लो वोल्टेज की समस्या रही।गिझोड़ निवासी अमित का कहना है कि देर रात तक कई बार विद्युत निगम के अधिकारियों से शिकायत के बाद लो वोल्टेज की समस्या दूर हुई। वहीं, सेक्टर-122 स्थित विद्युत उपकेंद्र से रात के समय में विद्युतकर्मी गायब मिले। कटौती की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे उपभोक्ता ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल कर दिया। इसमें विद्युत निगम के अधिकारियों को टैग करते हुए आपूर्ति की व्यवस्था में सुधार लाने और लापता कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में अधिशासी अभियंता शिवम त्रिपाठी का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं हैं। वीडियो संज्ञान में लेकर मामले की जांच कराई जाएगी।