ग्रेटर नोएडा वेस्ट की चेरी काउंटी सोसाइटी के टावर बी-3 की लिफ्ट में एक बुजुर्ग महिला समेत चार लोग करीब 20 मिनट तक फंसे रहे। आरोप है कि बिजली जाने के बाद लिफ्ट नजदीक के फ्लोर पर जाकर नहीं रूकी। वहीं,. निकालने में भी समय लगा दिया। काफी देर बाद मेंटेनेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर लिफ्ट में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घटना के बाद से निवासियों में रोष है। मेंटेनेंस टीम ने तकनीकी खामी आने और उसे दूर करने का दावा किया है।
निवासियों ने बताया कि टावर बी-3 के चार निवासियों ने शनिवार की सुबह करीब साढ़े 11 बजे भूतल से अपने-अपने फ्लैट पर जाने के लिए लिफ्ट ली थी। जैसे ही भूतल से लिफ्ट ऊपर की तरफ चली तो बिजली चली गई। आरोप है कि बिजली जाने के बाद लिफ्ट प्रथम और द्वितीय तल के बीच में जाकर फंस गई। जबकि लिफ्ट को नजदीक के फ्लोर पर जाकर रुकना चाहिए था। लिफ्ट में एक बुजुर्ग समेत एक अन्य महिला और दो अन्य लोग सवार थे। लिफ्ट फंसने के बाद सभी सहम गए और आपातकालीन बटन दबाकर व शोर मचाकर मदद मांगी।
निवासियों का आरोप है कि लिफ्ट में फंसे लोगों को निकालने में करीब 20 मिनट लग गए। लिफ्ट की घटना के बाद से निवासियों में काफी रोष है और इसकी शिकायत मेंटेनेंस टीम से की हैं। उधर, बिल्डर प्रबंधन का कहना है कि 10 मिनट बाद ही लिफ्ट में फंसे लोेगों को बाहर निकाल लिया गया था। बिजली जाने पर लिफ्ट फंसी थी। हालांकि लिफ्ट में नजदीकी फ्लोर पर जाकर रुकने वाला सेंसर लगा हुआ था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट फंस गई। इसकी जांच कराई गई है। साथ ही लिफ्ट को ठीक करा दिया गया है। वहीं, लिफ्ट में फंसने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। जहां लोगों ने वीडियो को देखकर बिल्डर पर कार्रवाई करने की मांग की है।