पुन्हाना/नूंह। मुख्यमंत्री के ट्वीट के बाद भी अतिथि अध्यापकों की मांगें पूरी न होने पर सरकार के खिलाफ भारी रोष है। अतिथि अध्यापकों ने सोमवार की कांग्रेस विधायक एवं हरियाणा विधानसभा में प्रतिपक्ष के उप नेता चौधरी आफताब अहमद को ज्ञापन सौंपा। अफताब अहमद ने अध्यापकों की मांगों को विधानसभा सत्र में रखने का आश्वासन दिया। अध्यापकों ने चेतावनी देते हुए कहा कि 18 दिसंबर उनकी मांगे नहीं मानी गईं तो 19 दिसंबर को यमुनानगर में शिक्षा मंत्री के आवास का घेराव करेंगे।
सतीश यादव ने कहा हरियाणा प्रदेश में सरकारी स्कूलों में कार्यरत 13000 से भी अतिथि अध्यापक सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे हुए हैं। प्रदेश सरकार ने वादे के बावजूद अभी तक न तो नियम बनाए हैं और ना ही बेसिक वेतनमान दिया जा रहा है। अतिथि अध्यापकों ने बताया कि 8 सितंबर को मुख्यमंत्री और अधिकारियों के साथ हुई बैठक में बेसिक वेतन तथा सर्विस रूल पर सहमति बनी थी जिसको लेकर खुद मुख्यमंत्री ने ट्वीट भी किया था लेकिन करीब 3 महीने बीतने के बावजूद अभी तक कोई पत्र जारी नहीं हुआ। अतिथि अध्यापकों के जिला प्रधान सतीश यादव ने बताया की हरियाणा की भाजपा सरकार ने गेस्ट टीचर्स को बंधुआ मजदूर बना दिया। इस अवसर पर सतीश यादव जिला प्रधान, मजलिस खान, संजय शास्त्री, अनूप जैन, जय भगवान शास्त्री, कपिल जैन, अनिता चौधरी सहित काफी अतिथि अध्यापक उपस्थित रहे।