पुलिस ने लेडी डॉन से पूछे 115 सवाल, कपिल प्रेमिका नहीं पत्नी है काजल
शूटरों को हथियार खरीदने के लिए दिए थे डेढ़ लाख रुपये
हत्या करने के बाद ढाई लाख और देने वाली थी काजल
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। एयर इंडिया के क्रू मेंबर सूरज मान हत्याकांड में गिरफ्तार हुई लेडी डॉन काजल खत्री को नोएडा पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बृहस्पतिवार को पूछताछ की। पुलिस की ओर से पूछे गए 115 सवालों में काजल ने कई अहम राज खोले। काजल ने चार लाख रुपये में सूरज की कांट्रैक्ट किलिंग की बात कबूली है। नवीन शर्मा से उसकी डील हुई थी। उसने हथियार लाने के लिए डेढ़ लाख रुपये दिए थे। बाकी के ढाई लाख रुपये काम के बाद देने की बात हुई थी, लेकिन जब तक बाकी की रकम देती नोएडा पुलिस ने नवीन को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, काजल को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में काजल ने बताया कि वह 2016 में रोहिणी के जिम में कपिल से पहली बार मिली थी। कपिल ने काजल को खुद का परिचय बतौर नेशनल खिलाड़ी के रूप में दिया था। लंबा-चौड़ा शरीर देख आकर्षित होकर काजल को कपिल से प्यार हो गया। वर्ष 2017 में एक गैंगवार में कपिल का नाम सामने आने के बाद काजल को कपिल की आपराधिक जिंदगी की जानकारी हुई, लेकिन फिर भी काजल ने उसका साथ नहीं छोड़ा। इसी दौरान कपिल ने काजल से शादी का वादा किया। शादी के लिए काजल ने परिजनों से बात की और कपिल को एक खिलाड़ी के रूप में ही परिवार से मिलवाया, लेकिन परिजनों ने शादी से मना कर दिया। इसके बाद दो वर्षों तक दोनों ने मिलकर गिरोह को चलाया और कई वारदात को अंजाम दिया। वर्ष 2019 में काजल के दबाव बनाने पर कपिल ने दिल्ली के एक मंदिर में शादी कर ली। कुछ दिन बाद दिल्ली पुलिस ने कपिल को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद काजल जेल में कपिल से मिलने के लिए जाती रही और उसी के इशारे पर गिरोह चलाती रही। इस बीच प्रवेश मान से रंजिश के कारण कपिल ने काजल को सूरज मान की जानकारी जुटाने के लिए कहा। रेकी कराने के बाद शूटरों को बुलाया गया और जनवरी में नोएडा के सेक्टर-104 में सूरज की हत्या करवा दी गई।
फोन न लगने पर कपिल बनाता था बहाने
काजल ने पुलिस को बताया कि जब कपिल और वह प्रेम संबंध में थे तो शुरुआत में उसे कपिल की आपराधिक जिंदगी के बारे में कुछ नहीं पता था। वह जब-जब बात करने के लिए उसे फोन करती तो फोन नहीं मिलता था। उसे कई बार शक भी हुआ, लेकिन कपिल हर बार उसे यह कहकर टाल देता था कि नेशनल खेल में जब वह खेलता है तो फोन बंद करना पड़ता है।
गैंगस्टर लगाएगी नोएडा पुलिस
एडिशनल डीसीपी मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि काजल पर जल्द ही गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। पूछताछ में कई अहम जानकारियां हाथ लगी हैं। कुछ और लोगों के नाम सामने आए हैं। सभी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के सामने रोती रही
पूछताछ के दौरान काजल पुलिस के सामने रोती बिलखती रही। रोते हुए उसने पुलिस के सभी सवालों के जवाब दिए। कई सवालों पर काजल उलझती हुई भी नजर आई।
आधार कार्ड से हुई पत्नी की पुष्टि
काजल को कपिल की प्रेमिका माना जा रहा था, लेकिन पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार किया तो उसके पास से बरामद आधार कार्ड में पति के रूप में कपिल का नाम लिखा हुआ था। काजल ने 2019 में शादी होने की बात भी कबूली है।
मुखर्जी नगर में एसएससी की तैयारी की
पैतृक गांव-कुंडली, सोनीपत में पैदा हुई काजल परिवार के साथ रोहिणी सेक्टर-11, दिल्ली में शिफ्ट हो गई। वह डीयू के हंसराज कॉलेज से बीए कर रही थी। इसके अलावा वर्ष 2016 में सरकारी नौकरी के लिए एसएससी की तैयारी मुखर्जी नगर से कर रही थी। उसी समय कपिल के संपर्क में आ गई। कपिल रोहिणी के सेक्टर-11 में जिम में आता था।
19 जनवरी को हुई थी हत्या
नोएडा सेक्टर-104 में 19 जनवरी को गैंगस्टर प्रवेश मान के भाई सूरज मान की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। दिल्ली में प्लॉट को लेकर गैंगस्टर कपिल और प्रवेश मान के बीच कई वर्षों से गैंगवार चल रही थी और दोनों पक्षों के पांच लोगों की अब तक हत्या हो चुकी है। मामले में नोएडा पुलिस ने घटना के अगले दिन कपिल के भाई धीरज समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। एक अन्य की गिरफ्तारी बाद में हुई थी। वहीं, दो शूटरों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस मामले में नोएडा पुलिस ने कपिल के करीबी दिल्ली के खेड़ा खुर्द निवासी शक्ति मान, संजीत और हरजीत मान व कंझावला निवासी सोनू और रोहिणी निवासी काजल को भी आरोपी बनाया। काजल शूटरों व कपिल मान के बीच की कड़ी थी।