ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में वेब सीरीज की शूटिंग की वजह से अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस रोक दी गई। इस वजह से 28 नवंबर को होने वाले समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के संयुक्त निदेशक डॉ. आलोक मिश्रा को 3 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान देशभर से आए करीब 300 मेहमान भी परेशान रहे।
जीबीयू के मनोविज्ञान विभाग ने 24 से 28 नवंबर तक स्वास्थ्य मनोविज्ञान विषय पर छठवीं अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया था। इसके लिए 3 अगस्त को अनुमोदन लिया गया था और 17 सितंबर को इजाजत मिल गई थी। वहीं, 22 नवंबर को एनएसए पिक्चर्स ने विवि में वेब सीरीज की शूटिंग के लिए मांगी। विवि के निदेशक कार्य अतिरिक्त प्रभार ने इजाजत दे दी। इसके तहत 27 और 28 नवंबर को एडमिन ब्लॉक, रजिस्ट्रार रूम, गलियारों, ऑडिटोरियम के बाहर और अंदर शूटिंग करने की अनुमति दी गई। इसके लिए संबंधित धनराशि भी बाद में ले ली गई।
शूटिंग की वजह से 27 की रात में कॉन्फ्रेंस के लिए लगा रिसेप्शन और बैनर-पोस्टर हटा दिए गए। 28 की सुबह 10 बजे होने वाली कॉन्फ्रेंस का समापन कार्यक्रम रोक दिया गया। कार्यक्रम में आए देशभर से मनोविज्ञान विशेषज्ञों और अधिकारियों को भी ऑडिटोरियम में जाने से रोक दिया गया। मुख्य अतिथि डॉ. आलोक मिश्रा और इंडियन एकेडमी ऑफ हेल्थ साइकोलॉजी के अध्यक्ष अमन वर्मा को भी इंतजार करना पड़ा। दोपहर में शूटिंग खत्म होने के बाद रिसेप्शन और सजावट करने के बाद कॉन्फ्रेंस का समापन समारोह हो पाया।
कुछ छोटी-मोटी दिक्कतों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस और वेब सीरीज की शूटिंग दोनों ही आयोजन सुगमतापूर्वक हो गए थे। मामले में कहीं से कोई शिकायत नहीं आई है। - डॉ. विश्वास त्रिपाठी, रजिस्ट्रार जीबीयू