नूंह। पांचवें मेवात प्रो कबड्डी लीग प्रतियोगिता के तीसरे चरण का आयोजन हथीन खंड के गांव आली मेव में हुआ। इस दौरान प्रथम मुकाबले में हसनपुर तावडू की टीम ने सालाहेड़ी की टीम को हराकर जीत प्राप्त की। द्वितीय मुकाबले में सराय तावडू की टीम ने टपकन व तीसरे मुकाबले में लुहिंगा कलां की टीम ने मेवात राइडर्स की टीम को हराया।
मैचों के दौरान निर्णायक की भूमिका कोच वेद शर्मा, भोला व योगेश मंढनाका तथा मांमचंद इंडरी ने निभाई। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रमुख इतिहासकार सिद्दीक अहमद मेव, वालीबॉल खिलाड़ी मुबारिक बीसरू, स्कॉलर्स पब्लिक स्कूल बीसरू के संचालक तारीफ, बाबा देव खां पब्लिक स्कूल पुन्हाना के मैनेजर तौफीक सहित मेवात प्रो कबड्डी लीग आयोजन समिति के सदस्यों में एबीएस फाउंडेशन कार्यक्रम अधिकारी नवीन लाठर, लीग आयोजन समिति के अध्यक्ष मास्टर सुबेदार, प्राध्यापक अशरफ मेवाती और अन्य लोग मौजूद रहे।