ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट में शुक्रवार रात बादलपुर के हिस्ट्रीशीटर मनजीत नागर की प्रॉपर्टी डीलिंग के साझेदार ने रुपयों के विवाद में हत्या की थी। पुलिस ने एक आरोपी यशपाल को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया है जबकि दो आरोपी फरार हैं। एक मूर्ति गोलचक्कर के पास 130 मीटर रोड के किनारे स्कॉर्पियो में शराब पीने के दौरान वारदात की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, कार में युवक का शव पड़ा होने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। जांच में आधार कार्ड से गांव धूममानिकपुर खेड़ा निवासी मनजीत के रूप में युवक की पहचान हुई थी। मनजीत के खिलाफ लूट-हत्या के केस दर्ज हैं। उसकी पत्नी गांव में रहती है। वह दूसरी पत्नी के साथ नोएडा के सेक्टर-78 स्थित अंतरिक्ष अपार्टमेंट में रह रहा था। पुलिस ने मनजीत की हत्या के आरोप में यशपाल को गिरफ्तार किया है। मनजीत और यशपाल दोनों प्रॉपर्टी डीलर हैं। रुपयों के लेनदेन के विवाद में यशपाल ने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की है।