पुलिस के मुताबिक आरोपी अंकित पर हत्या और लूट का मामला दर्ज है। अंकित ने वर्ष 2016 में कानपुर के फजलगंज से एक कार बुक की थी। गौतमबुद्ध नगर में आकर चालक की हत्या कर आरोपी ने उसकी कार लूट ली थी। अंकित के दो अन्य साथी सिराज और रामू सोमवार रात कोतवाली बिसरख पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार किये जा चुके हैं।
बुलेट के शौकीनों को ऑनलाइन सप्लाई करते थे आरोपी
डीसीपी सेंट्रल नोएडा हरीश चंदर ने बताया आरोपी चोरी की बाइक ऑन डिमांड चुराते थे। इसमें सबसे ज्यादा बुलेट मोटरसाइकिल की डिमांड रहती थी। पुलिस ने 16 बाइक बरामद की हैं जिनमें नौ बुलेट और सात अन्य बाइक हैं। डीसीपी ने बताया कि बरामद 16 दोपहिया वाहन में 10 बाइक के बारे में पता लगा लिया गया है। शेष अन्य के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी ऑन डिमांड बुलेट चोरी कर 20 से 40 हजार रुपये तक में बेच देते थे। बरामद एक बाइक तो दो लाख 25 हजार कीमत की भी है।
तीन पुलिसकर्मियों की बुलेट उड़ा ले गए चोर
आरोपियों ने जनपद लखीमपुर में तैनात यूपी पुलिस के दरोगा की बुलेट चोरी कर ली थी। वहीं, दिल्ली पुलिस के दरोगा की बुलेट मोटरसाइकिल को आरोपियों ने इंदिरापुरम से चोरी किया था। बाइक मिलने की खबर सुनकर उनके भाई बिसरख थाने पहुंचे और अपनी बाइक की पहचान की। इसके अलावा एक बुलेट मोटरसाइकिल हाथरस में तैनात एक दरोगा की है।
बाइक मिलने की उम्मीद भी छोड़ दी थी, मिली तो रो पड़े
बरामद बुलेट मोटरसाइकिल में से एक बुलेट योगेंद्र कुमार तिवारी निवासी इंदिरापुरम की है। पुलिस ने पीड़ित को थाने में बुलाकर उनकी बाइक की पहचान करवाई तो वह खुशी से रो पड़े। उन्होंने बताया कि बाइक जाने के बाद मिलने की उम्मीद भी छोड़ दी थी। उन्होंने बताया कि 10 जनवरी की रात कार सवार बदमाशों ने उसकी पंचर बाइक चोरी कर ली थी। बाइक में कुछ स्टार्टिंग की समस्या भी थी तो पहले आरोपियों ने कुछ दूर पैदल ले जाकर उसे स्टार्ट कर दस से 15 मिनट तक गर्म होने दिया। इसके बाद पंचर ही बुलेट ले गए। उन्होंने एक लाख 80 हजार में बाइक ली थी।
पुलिस टीम को 25 हजार का इनाम
डीसीपी ने बताया कि बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली कोतवाली बिसरख पुलिस की टीम को उनकी तरफ से 25 हजार रुपये का इनाम दिए जाने की घोषणा की गई है।