मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने की धमकी देकर युवती से 11 लाख की ठगी
साइबर जालसाजों ने मुंबई पुलिस के अधिकारी बनकर की वारदात, केस दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाजों ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर सेक्टर-34 स्थित धवलगिरी अपार्टमेंट में रहने वाली युवती सीजा टीए से 11 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत पर साइबर क्राइम थाने की पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
शिकायत में युवती ने बताया कि 13 नवंबर को एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को टेलीफोन रेगुलेटरी ऑफ इंडिया से बताया। उसने कहा कि उसके आधार कार्ड का इस्तेमाल कर जो सिम कार्ड खरीदा गया है, उससे महिला उत्पीड़न का प्रचार किया जा रहा है। कॉलर ने आगे की जांच का हवाला देते हुए कॉल ट्रांसफर कर दी। इसके बाद दूसरे शख्स ने खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताया। उसने कहा कि पिछले दिनों मनी लॉन्ड्रिंग केस के एक मामले में छापे के दौरान कई डेबिट कार्ड मिले थे। इनमें एक आपके नाम का भी है। इस कार्ड से बेनामी दो करोड़ रुपये का ट्रांजैक्शन हुआ है। मामले में न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है।
इतना सुनते ही युवती डर गई और खुद को निर्दोष बताया। इसके बाद जालसाजों ने केस से बचाने के नाम पर अलग-अलग तरीके से झांसा देकर 11.11 लाख रुपये ऐंठ लिए। जालसाजों ने लोन अप्लाई करवाकर भी रकम ट्रांसफर कराई। ठगों ने युवती ने कहा कि जांच के बाद कुछ रकम खाते में भेज दी जाएगी, लेकिन रुपये नहीं आए।