नोएडा। ऑनलाइन बुकिंग कर घरों, होटल व कोठियों में लड़कियों को भेजकर देह व्यापार कराने वाले एक गिरोह का कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक गैंगस्टर को मंगलवार रात सेक्टर-53 से गिरफ्तार किया है जबकि चार लड़कियों को पुलिस ने वन स्टॉप सेंटर भेजा है। आरोपी के पास से एक कार, दो मोबाइल व नकदी बरामद की गई है।
एसीपी द्वितीय रजनीश वर्मा ने बताया कि मूलरूप से औरेया निवासी व फिलहाल सेक्टर-71 में रह रहे सलमान को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मंगलवार रात को ऑनलाइन बुकिंग कर एक कार से लड़कियों को अलग-अलग स्थानों पर देह व्यापार के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने सारथी होटल सेक्टर-53 के सामने से आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी ने बताया कि गिरोह इंटरनेट और व्हाट्सएप से लोगों से बात करता है। पैसे तय होने के बाद कार से लड़कियों को होटल, घर, मकान, कोठी आदि जगहों पर पहुंचाया जाता है।
प्रत्येक लड़की के लिए 5 से 20 हजार रुपये तक लिए जाते हैं। सलमान पर लूट, हत्या, चोरी से लेकर गैंगस्टर एक्ट के 10 मामले दर्ज हैं। कुछ महीने से आरोपी देह व्यापार करा रहा था। गिरोह सरगना काला फरार है। काला का नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर सहित अन्य शहरों में भी है। सलमान के खिलाफ देह व्यापार अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।