ग्रेटर नोएडा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गैंगस्टर अनिल दुजाना ने जमानत पर जेल से बाहर आकर विवाह कर लिया है। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के दुजाना गांव निवासी अनिल दुजाना ने फरवरी 2019 में बागपत निवासी पूजा से मंगनी की थी। तब वह कोर्ट में पेशी पर आया था। अनिल दुजाना के अधिवक्ता जितेंद्र नागर ने विवाह की पुष्टि की है। गैंगस्टर पर करीब 43 केस दर्ज हैं और पूर्व में जिला पंचायत चुनाव भी लड़ चुका है। अब चुनाव से पूर्व जेल से बाहर आने पर उसके फिर से चुनाव लड़ने का प्रयास करने की चर्चाएं भी चल रही हैं।
अधिवक्ता जितेंद्र ने बताया कि महाराजगंज जेल में बंद अनिल बीते सोमवार को जमानत पर बाहर आया है। उसने बागपत के बड़ौत थाना क्षेत्र के गांव निवासी पूजा से 16 फरवरी को मंदिर में विवाह किया है। अधिवक्ता के अनुसार पूजा ने आरोप लगाया है कि बागपत और गौतमबुद्ध नगर जिले की पुलिस उनके घर दबिश दे रही है। वहीं बादलपुर पुलिस का कहना है कि अनिल दुजाना के विवाह-मंगनी की खबरेें दो साल पहले भी सुनी थीं। अब जमानत पर जेल से बाहर आने की जानकारी मिल रही है लेकिन अधिकारिक रूप से कोई सूचना नहीं है।