ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र स्थित एक कॉलेज मेें दाखिला लेने कश्मीर से आई छात्रा का पीछा करते हुए एक युवक ग्रेटर नोएडा पहुंच गया। छात्रा का आरोप है कि गांदरबल कश्मीर निवासी शहीद हुसैन उसका पीछा कर छेड़छाड़ करता है। शनिवार को भी उसने छेड़छाड़ की। छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नॉलेज पार्क थाना प्रभारी वरुण पंवार ने बताया कि कश्मीर निवासी एमबीए छात्रा नॉलेज पार्क के कॉलेेज में पढ़ती है। उसने शिकायत में बताया कि कश्मीर का ही रहने वाला शहीद हुसैन उसका पीछा करते हुए ग्रेटर नोएडा पहुंच गया है। आरोपी फिलहाल दिल्ली में अपने दोस्त के साथ रह रहा है। वेलेंटाइन वीक में ग्रेनो पहुंचे आरोपी ने छात्रा को प्रपोज भी किया था। तब छात्रा ने उसे डांट भी लगाई थी, इसके बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। शनिवार को एक बार फिर उसने छात्रा का पीछा कर छेड़छाड़ की। इस बात की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।