मिलावटी घी-मक्खन को अमूल के डब्बे में पैक कर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश
- सेक्टर-70 के मकान में करते थे पैकेजिंग का काम, पांच आरोपी गिरफ्तार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मिलावटी घी और मक्खन को अमूल ब्रांड के डब्बे में पैक कर बाजार में खपाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान शेखपुरा, बिहार निवासी संजय कुमार, बागपत निवासी राजकुमार, गाजियाबाद निवासी आसिफ व साजिद और हापुड़ निवासी दीपक मल्होत्रा के रूप में हुई है। आरोपी पांच महीने से सेक्टर-70 के एक मकान में पैकिंग और पैकेजिंग का काम कर रहे थे। आरोपियों के पास से करीब पांच क्विंटल मिलावटी घी और मक्खन बरामद किया है। वहीं मामले में छह आरोपी फरार हैं।
कोतवाली फेज थ्री पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर सेक्टर-70 के एक मकान में दबिश दी। मौके पर मिलावटी घी और मक्खन को अमूल ब्रांड के डब्बे में पैक कर बाजार में बेचे जाने का खुलासा हुआ। मिलावटी मक्खन और घी की आपूर्ति नोएडा के अलावा गाजियाबाद में भी की जाती थी। नोएडा सेंट्रल के डीसीपी रामबदन सिंह ने बताया कि ब्रांडेड कंपनी के प्रतिनिधियों की ओर दी गई सूचना पर कार्रवाई की गई थी।
नकली रैपर व बार कोड का करते थे इस्तेमाल
डीसीपी के मुताबिक संजय और राजकुमार मिलकर गिरोह चलाते थे। दोनों दिल्ली के खारी बावली से अमूल के नकली रैपर बार कोड सहित थोक भाव में लेकर आते थे। इसे सेक्टर-70 स्थित मकान में रखकर इनमें कम कीमत वाले मक्खन और घी को न्यू कोंडली से लाकर भर देते थे। इस पर अमूल का रैपर व बार कोड लगाकर बेचते थे। इससे आरोपियों को करीब चार गुना तक फायदा होता था। आरोपी घी और मक्खन रेहड़ी पटरी वालों को बेचते थे।
खाद्य आपूर्ति की टीम ने की जांच
पुलिस की दबिश के बाद बरामद घी व मक्खन की खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने जांच की। खाद्य अपूर्ति अधिकारी डाॅ. शमशुल नेहा ने बताया कि बरामद माल का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। प्राथमिक जांच में लग रहा है कि आरोपी ब्रांडेड कंपनी के रैपर डब्बे का इस्तेमाल कर रहे थे। यह स्वास्थ्य के लिए काफी हानिकारक हो सकता है।