नोएडा। सेक्टर-49 कोतवाली में क्षेत्र में एक युवक ने फ्लैट दिखाने के बहाने दोस्त दुष्कर्म किया और उसे नशीला पदार्थ पिलाकर फरार हो गया। होश आने पर पीड़िता ने ट्वीट कर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना करीब 11 दिन पहले की है।
पुलिस ने बताया कि सेक्टर-49 कोतवाली क्षेत्र निवासी युवती का आरोपी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी उसे शादी करने का झांसा भी दे रहा था। युवती का आरोप है कि आरोपी ने कहा था कि शादी के बाद वह ग्रेनो वेस्ट के फ्लैट में रहेंगे। शादी से पूर्व फ्लैट और उसमें रखे सामान को देख लो। आरोपी उसे फ्लैट दिखाने के बहाने अपने साथ ले गया था। वहां नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और फरार हो गया। होश आने पर जब पीड़िता ने आरोपी की तलाश की तो वह नहीं मिला। इसके बाद आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि फ्लैट आरोपी के दोस्त का है। वहां पर अक्सर उसका आना-जाना रहता है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।