फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: होली के दिन दो महिलाओं समेत चार की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

नई दिल्ली।
राजधानी में सोमवार को होली के दिन अलग-अलग इलाकों में दो महिलाओं समेत चार लोगों की हत्या कर दी गई। शास्त्री पार्क और मंगोलपुरी इलाके में बदमाशों ने दो युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी। अलीपुर में महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वहीं, बाहरी दिल्ली के राज पार्क में युवती की पत्थर से वार कर हत्या कर दी गई।
वारदात एक : पूर्व पत्नी के प्रेमी ने दोस्त को मारी गोली, मौत
शास्त्री पार्क में सोमवार रात मुस्तकीम (22) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार रात को मुस्तकीम दोस्त सुहेल खान (22) के साथ उसकी पूर्व पत्नी इशरत (23) से मिलने आया था। इस बात पर इशरत का प्रेमी यासीन (24) भड़क गया और वह सुहेल व मुस्तकीम से झगड़ा करने लगा। कहासुनी के दौरान आरोपी ने मुस्तकीम के सीने में गोली मार दी। मुस्तकीम को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी यासीन की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन

मुस्तकीम परिवार के साथ गली नंबर-1, शास्त्री पार्क में रहता था। वह चांदनी चौक में कपड़े की एक दुकान पर सेल्समैन था। सुहेल परिवार के साथ सीलमपुर में रहता है। चार साल पहले सुहेल ने इशरत से प्रेम विवाह किया था। उनकी डेढ़ साल की एक बेटी भी है, लेकिन विवाद होने के बाद नवंबर-2023 में सुहेल और इशरत के बीच तलाक हो गई। इशरत ने कौशांबी में बार-गर्ल की नौकरी कर ली। इस दौरान यासीन और इशरत की दोस्ती हो गई। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे। बच्ची की वजह से सुहेल अक्सर इशरत से मिलने बुलंद मस्जिद, शास्त्री पार्क स्थित घर आता था। सोमवार रात को सुहेल से मिलने पहुंचा तो वहां यासीन पहले से मौजूद था। इस बात पर दोनों में झगड़ा होने लगा। अचानक यासीन ने पिस्टल निकालकर तीन गोलियां चला दीं। एक गोली मुस्तकीम के सीने में लगी, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात 2
प्रॉपर्टी विवाद में पुलिस के सामने ही मारी गोली
मंगोलपुरी में प्रॉपर्टी विवाद में एक युवक, मां और बहन को बुरी तरह लाठी-डंडों और पत्थरों से पीटा गया। इसके बाद विनोद उर्फ शिवम (30) को गोली मार दी गई। विनोद को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में विनोद की मौत हो गई। हमले में विनोद की बुजुर्ग मां मालती देवी और बहन शिवानी बुरी तरह जख्मी हो गए। अस्पताल में मां की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने फसाद करने, मारपीट, हत्या के प्रयास और हत्या का मामला दर्ज आरोपी उमेश देवी और बेटे विवेक को गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वारदात मंगोलपुरी एफ-ब्लॉक के एक मकान में रात करीब 8:30 बजे हुई। मकान में विनोद परिवार के साथ रहता है। भूतल को विनोद के परिवार ने करीब चार साल पहले उमेश देवी के परिवार को बेच दिया था। शिवानी का आरोप है कि उमेश देवी पूरे मकान पर कब्जा करना चाहती है। इससे आए दिन कोई न कोई फसाद करती है। शिवानी का आरोप है कि कुछ समय पूर्व उसने छत काटकर घर पर कब्जे का प्रयास किया था। प्रॉपर्टी विवाद में सोमवार को रात को उमेश और परिवार ने पहली मंजिल पर आकर परिवार पर हमला कर दिया। लाठी, डंडे, पत्थर, लात-घूंसों से उन पर हमला किया। उमेश ने अपने कुछ अन्य जानकार लोगों को भी बुला लिया। हमले में विनोद, मां मालती और बहन शिवानी बुरी तरह जख्मी हो गए। बाद में विनोद की मौत हो गई। पुलिस सीसीटीवी से मामले की पड़ताल कर रही है।

वारदात तीन : पत्नी का गला रेता, पति सहित चार गिरफ्तार
नई दिल्ली। अलीपुर में पति ने पत्नी आरती (27) की गला रेतकर हत्या कर दी। आरती के परिजनों का आरोप है कि दहेज के लिए ससुराल वाले उसे परेशान करने के अलावा पीटते थे। पुलिस ने हत्या, दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर पति मनजीत (30), ससुर भीम (52), सास मीना (48) और देवर मनीष (27) को गिरफ्तार किया है। अलीपुर थाना पुलिस के अलावा क्षेत्रीय एसडीएम भी जांच कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, आरती परिवार के साथ बलधारी काॅलोनी, बख्तावरपुर, अलीपुर में रहती थी। छह साल पहले आरती की शादी मंजीत से हुई थी। दंपती का एक बेटा व बेटी है। सोमवार सुबह करीब 6 बजे पड़ोसियों ने आरती के बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनी तो वह घर पहुंचे। घर में खून से लथपथ आरती का शव पड़ा था। उसका गला रेता हुआ था। मनजीत का परिवार फरार था। पुलिस ने नजफगढ़ निवासी आरती के भाई, ताऊ और मां के एसडीएम ने बयान दर्ज किए। परिजनों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया।
विज्ञापन



वारदात चार : युवती की पत्थर से कुचलकर हत्या

नई दिल्ली।
बाहरी दिल्ली के राज पार्क में जसलीन उर्फ जस्सी कौर (24) की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। मंगलवार तड़के राहगीरों ने शव सीआरपीएफ कैंप, सुल्तानपुर माजरा के पास पड़ा हुआ देखा। बाद में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। शव के पास बड़ा पत्थर पड़ा हुआ था। आशंका व्यक्त की जा रही थी कि इससे युवती की हत्या की गई। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच के बाद पता चला कि युवती सुल्तानपुरी गुरुद्वारे के पास रहती थी। पुलिस परिवार से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। ब्यूरो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें