ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा, दनकौर और दादरी के चार परिवारों के लिए बृहस्पतिवार का दिन खुशियों भरा रहा। चाराें परिवार के बेटे यूक्रेन से लौट आए हैं। परिजन बच्चों को लेने दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। वहां एक-दूसरे को देखकर भावुक हो गए। परिजनों ने बच्चों के घर वापस आने की खुशी मनाई। तुगलपुर गांव निवासी हितेंद्र चेची हिंडन एयरबेस पर पहुंचा। वहां से दिल्ली एयरपोर्ट ले जाया गया। जहां परिजन उसे लेने पहुंचे थे। वहीं ग्रेनो के अंसल गोल्फ लिंक-1 निवासी संचित शर्मा भी लौट आया है। वह फ्लाइट से मुंबई के रास्ते दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा। एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे माता-पिता ने उसे देखते ही गले लगा लिया। उधर दादरी के ब्रहमपुरी मोहल्ला निवासी तरुण कौशिक बृहस्पतिवार शाम दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। तरुण स्वयं एयरपोर्ट से घर पहुंचा। सबसे पहले वह मां से मिला। बेटे को देखकर मां भावुक हो गई। वहीं शुक्रवार का दिन भी कई परिवारों के लिए अच्छा रहेगा। करीब पांच छात्रों के आने की उम्मीद है। इनमें अस्तौली की दोनों बहनों के साथ देवटा का तनुज और अन्य छात्र शामिल हैं। वहीं दनकौर के पारसौल निवासी एमबीबीएस छात्र नमित सकुशल बृहस्पतिवार को घर लौट आया है।
अलग-अलग फ्लाइट से आज आएंगी आंचल व मोनिका
बिलासपुर के अस्तौली गांव की दोनों सगी बहनें शुक्रवार को अलग-अलग फ्लाइट में सवार होकर यूक्रेन से भारत लौटेंगी। बृहस्पतिवार को दोनों बहनों ने भारत के लिए फ्लाइट पकड़ ली है। मोनिका बुखारेस्ट से आ रही फ्लाइट में सवार हैं। फ्लाइट देर रात दिल्ली एयरपोर्ट पर आएगी। वहीं आंचल ने रोमानिया के सुसेवा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से फ्लाइट में बैठेगी। उसकी फ्लाइट शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे दिल्ली आने की उम्मीद है। पिता बिजेंद्र ने बताया कि वो बेटियों को दिल्ली एयरपोर्ट से लाने की तैयारी कर रहे हैं। दोनों बहन एक साथ मिलकर युक्रेन से निकल रही थी, लेकिन दो दिन पहले रोमानिया बॉर्डर पर उनका साथ बिछड़ गया। जब से अभी तक वो मिली नहीं हैं।
आज रात दिल्ली पहुंचेगा तनुज भाटी
देवटा गांव निवासी तनुज भाटी भी रोमानिया में है। वह फ्लाइट मिलने का इंतजार कर रहा है। तनुज के पिता बिजेन्द्र भाटी ने बताया कि उसे भारत भेजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। शुक्रवार को वह फ्लाइट में बैठेगा। देर रात तक उसके भारत आने की उम्मीद है।