- कई इलाकों में पुलिस की कार्रवाई, चोरी की बाइक भी हुई बरामद
- पकड़ गए आरापियों में दो युवक किशोर
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। अवैध हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाकर दो किशोरों समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फेज-1, सेक्टर-58 और फेज-3 थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग और गश्त के दौरान आरोपियों को पकड़ा। इनके कब्जे से कुल नौ अवैध चाकू और चोरी की एक बाइक बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, कुछ आरोपी छोटी-मोटी चोरी करने और पकड़े जाने पर बचाव के लिए चाकू रखते थे।
फेज-1 थाना पुलिस ने सेक्टर-7 के डी ब्लॉक पार्क से दिल्ली के न्यू अशोक नगर निवासी राजेश (27) को गिरफ्तार किया। उसके पास से अवैध चाकू बरामद हुआ। वहीं, सेक्टर-58 थाना पुलिस ने सेक्टर-57 रेडिसन कट के पास से बिहार निवासी रोहन कुमार (33) और गुलशन (33) को अलग-अलग कार्रवाई में चाकू के साथ पकड़ा। सेक्टर-61 स्थित साईं मंदिर के पास पार्क से कासगंज निवासी सनोज (27) और सेक्टर-62 में जयपुरिया चौराहे के पास से हापुड़ निवासी राहुल (26) को भी अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा सेक्टर-67 में टीपी नगर चौराहे से मामूरा की ओर जाने वाले मार्ग पर फेज-3 थाना पुलिस ने छिजारसी निवासी राहुल (28) को चाकू के साथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह छोटी-मोटी चोरियां करता है और पकड़े जाने पर बचाव के लिए चाकू रखता था। वहीं, सेक्टर-71 सर्विस रोड पर डंपिंग ग्राउंड के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी की बाइक पर सवार दो किशोरों को पकड़ा। इनके पास से दो अवैध चाकू भी बरामद हुए। पुलिस जांच में बाइक गढ़ी चौखंडी के डूब क्षेत्र से चोरी की पाई गई। आरोपियों ने पूछताछ में दो-तीन दिन पहले बाइक चोरी करने और पकड़े जाने के डर से उसकी नंबर प्लेट तोड़कर फेंकने की बात स्वीकार की। एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।