चार फीसदी भूखंड की मांग को लेकर रक्षामंत्री से मिले किसान
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी ग्रेटर नोएडा। चार फीसदी अतिरिक्त आबादी भूखंड देने की मांग को लेकर 44 गांवों के किसानों का प्रतिनिधिमंडल रविवार को किसान नेता रामदेव सिंह रावल के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह से मिला। किसानों ने उन्हें अपनी लंबे समय से लंबित मांग और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराया। केंद्रीय मंत्री ने किसानों की मांग को गंभीरता से सुनते हुए प्रकरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रकाश प्रधान ने किसानों की ओर से पक्ष रखते हुए कहा कि 44 गांवों के किसान चार फीसदी अतिरिक्त आबादी भूखंड के अधिकार को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। उनका आरोप है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से इस मामले में किसानों को न्यायसंगत लाभ देने के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे किसानों में असंतोष है और उनकी मांग अब तक लंबित है।
किसानों ने बताया कि 22 नवंबर 1997 को तत्कालीन प्राधिकरण की ओर से 10 प्रतिशत आबादी भूखंड देने का प्रस्ताव पारित किया गया था। इसके बावजूद चार फीसदी अतिरिक्त आबादी भूखंड से संबंधित किसानों का मामला लंबित है। उन्होंने मांग की कि किसानों के अधिकारों को ध्यान में रखते हुए इस प्रकरण का जल्द समाधान कराया जाए। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातें सुनने के बाद आश्वासन दिया कि इस संबंध में उनके कार्यालय की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रकरण भेजा जाएगा, ताकि किसानों की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इस अवसर पर समरपाल चौहान, बाबूराम भाटी, राकेश नंबरदार समेत किसान प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।