संवाद न्यूज एजेंसी
रबूपुरा। यमुना एक्सप्रेसवे के फलैदा कट पर टोल वसूली के लिए किए जा रहे स्थायी निर्माण का राष्ट्रीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने विरोध किया है। संगठन ने निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग करते हुए संबंधित अधिकारियों को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष शाहिद मंजूर ने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे के लिए जमीन देने वाले किसानों की कई मांगें अब भी लंबित हैं। ऐसे में मांगों का समाधान किए बिना टोल वसूली के लिए स्थायी निर्माण कराना उचित नहीं है। संगठन ने किसानों की तीन प्रमुख मांगें उठाई हैं। इनमें पात्र किसानों को 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजे का भुगतान, सात प्रतिशत विकसित आबादी भूखंडों का आवंटन और यमुना एक्सप्रेसवे से जेवर व आसपास के गांवों को जोड़ने वाली सर्विस रोड का निर्माण शामिल है। इन मांगों का समाधान नहीं होने से किसानों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि पत्र प्राप्त होने के तीन दिन के भीतर निर्माण कार्य स्थगित करने और मांगों के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना घोषित नहीं की गई तो फलैदा कट और जेवर क्षेत्र के किसान शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि जेपी कंपनी के परियोजना प्रमुख, गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त और जेवर के उपजिलाधिकारी को भेजी गई है।