फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नोएडा: किसानों ने प्राधिकरण दफ्तर पर ताला लगाया, दो दर्जन पुलिसकर्मी चोटिल, डेढ़ हजार किसानों पर एफआईआर

Mon, 11 Oct 2021 09:06 PM IST
अनुराग सक्सेना न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नोएडा

सार

भारतीय किसान परिषद के बैनर तले करीब एक हजार से अधिक किसान सोमवार को हरौला बारात घर से प्राधिकरण दफ्तर पहुंच गए। इस दौरान रास्ते में प्राधिकरण गेट व स्वागत कक्ष के पास लगी बैरिकेडिंग तोड़ दी।
विज्ञापन
किसानों द्वारा फाड़ी गई अपनी वर्दी दिखाते पुलिस अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अपनी मांगों को लेकर सैकड़ों किसानों ने सोमवार दोपहर को बैरिकेडिंग तोड़कर नोएडा प्राधिकरण के दफ्तर के एक गेट पर ताला लगा दिया। इस दौरान प्राधिकरण गेट पर किसानों व पुलिस के बीच काफी धक्का-मुक्की हुई, जिसमें डीसीपी नोएडा, एडीसीपी, एसीपी समेत दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी चोटिल हो गए और एडीसीपी की वर्दी फट गई। वहीं आधे दर्जन किसान भी चोटिल हुए हैं। करीब एक घंटे तक किसानों का प्राधिकरण के गेट पर कब्जा रहा और प्राधिकरण के अधिकारी इस दौरान दफ्तर में कैद रहे। बाद में मंगलवार को फिर से प्राधिकरण पर आने की बात कहकर किसान वापस चले गए। इस मामले में सेक्टर 20 कोतवाली में भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष समेत लगभग डेढ़ हजार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।

विज्ञापन


भारतीय किसान परिषद के बैनर तले करीब एक हजार से अधिक किसान सोमवार को हरौला बारात घर से प्राधिकरण दफ्तर पहुंच गए। इस दौरान रास्ते में प्राधिकरण गेट व स्वागत कक्ष के पास लगी बैरिकेडिंग तोड़ दी। उग्र हुए किसान प्राधिकरण के स्वागत कक्ष, बैंक के सामने व गेट नंबर तीन पर जमा हो गए। वहां बैंक के सामने वाले गेट पर किसानों ने ताला जड़ दिया। इस दौरान भारी संख्या में मौजूद पुलिस बल ने जब किसानों को रोकने का प्रयास किया तो वहां धक्का मुक्की हो गई।

नोएडा प्राधिकरण कार्यालय में प्रदर्शन करते किसान - फोटो : अमर उजाला
भीड़ के आगे बेबस हुई पुलिस
करीब आधे घंटे तक बेकाबू किसानों ने पुलिस अधिकारियों के साथ हाथापाई कर दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जोर आजमाईश हुई। करीब एक घंटे तक चले इस हंगामें में नोएडा प्राधिकरण के सभी गेट को चारों तरफ से बंद कर दिया गया। जब वहां से किसान वापस हुए तब पता चला कि भीड़ में शामिल कई युवकों ने पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से अभद्रता व मारपीट की। इसमें पुलिसकर्मी चोटिल हुए व उनकी वर्दी फटी हैं। इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया लेकिन भीड़ के आगे पुलिस बेबस हो गई। इस दौरान प्राधिकरण के अंदर व बाहर अफरातफरी मची रही।

सोमवार को किसान हुए उग्र
प्राधिकरण के 81 गांवों के किसान भारतीय किसान परिषद की अगुवाई में पिछले एक महीने के अधिक समय से आंदोलन कर रहे हैं। किसान हर दिन की तरह सोमवार को भी हरौला बारात घर पर पहुंचे और दोपहर बाद भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा के नेतृत्व में प्राधिकरण दफ्तर के पास स्वागत कक्ष के सामने लगी बैरिकेडिंग तक पहुंचे। यहां तक किसान पहले कई बार पहुंचे थे। किसानों को बैरिकेडिंग के पास रोकने के लिए डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। लेकिन सोमवार को किसान वहां पहुंचते ही उग्र हो गए और पहले बैरिकेडिंग गिरा दी और प्राधिकरण के गेट नंबर एक की तरफ भागने लगे। जब पुलिस ने उस तरफ के गेट को बंद कर दिया तो किसान बैंक की तरफ वाले गेट पर पहुंच गए। यहां पर प्राधिकरण का गेट तोड़ने का प्रयास किया और ताला लगा दिया।

डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी हुए चोटिल
किसानों के इस उग्र आंदोलन के दौरान जब पुलिस अधिकारियों ने उन लोगों को प्राधिकरण गेट के अंदर दाखिल होने से रोका तो किसानों में शामिल कुछ पहलवान युवक पुलिस अधिकारियों से भिड़ गए। इसमें डीसीपी नोएडा राजेश एस की कलाई में मोच आ गई। एडीसीपी रणविजय सिंह, एसीपी द्वितीय रजनीश वर्मा और एसीपी तृतीय श्यामजीत सिंह चोटिल हो गए। एडीसीपी रणविजय सिंह की वर्दी फट गई। इसके साथ दो दर्जन पुलिसकर्मियों को चोट लगी है। वहीं आधे दर्जन से अधिक किसान भी चोटिल हुए हैं।

पुलिस अपील करती रही, भीड़ हुई उग्र
किसान आंदोलन के दौरान अब तक किसान पुलिस की अपील को सुनते थे और वापस चले जाते थे लेकिन सोमवार को पुलिस अधिकारी अपील करते रहे और किसान उग्र होकर पुलिस से ही भिड़ गए। एडीसीपी लगातार माइक से कानून व्यवस्था न तोड़ने की अपील करते रहे लेकिन भीड़ में शामिल लोग पुलिस अधिकारियों से अभद्रता करते रहे। करीब एक घंटे तक किसानों ने प्राधिकरण के स्वागत कक्ष से लेकर बैंक की तरफ वाले गेट पर कब्जा कर लिया और खुलेआम उपद्रव किया।

मंगलवार को फिर प्राधिकरण जाएंगे किसान
वहीं भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा का कहना है कि चाहे डंडा चलाओ या जेल भेजो। इस बार किसान वापस नहीं होंगे और अपनी मांगे मंगवा कर ही वापस होंगे। उन्होंने कहा कि सोमवार को आधे दर्जन से अधिक किसान भी चोटिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि मंगलवार को हमलोग रोज की तरह हरौला बारात घर पर इकट्ठा होंगे और वहां से फिर प्राधिकरण दफ्तर जाएंगे।

किसानों के आंदोलन के नाम पर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से अभद्रता की है और कई पुलिस अधिकारी चोटिल हुए हैं। किसी भी कीमत पर हिंसक आंदोलन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था तोडऩे वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है और इन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
-राजेश एस, डीसीपी नोएडा।
विज्ञापन

सुखबीर खलीफा समेत डेढ़ हजार से अधिक किसानों पर एफआईआर
सोमवार को किसानों की तरफ से नोएडा प्राधिकरण के गेट पर ताला लगाने और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से मारपीट के मामले में भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखबीर खलीफा समेत डेढ़ हजार से अधिक लोगों पर कोतवाली सेक्टर 20 में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इनमें सुखबीर खलीफा के अलावा 36 लोग नामजद हैं।

प्राधिकरण के वर्क सर्किल एक के सहायक प्रबंधक रामचंद्र की तहरीर पर कोतवाली सेक्टर 20 पुलिस ने धारा 144 का उल्लंघन, कोविड-19 महामारी एक्ट, सरकारी कार्य में बाधा, सरकारी संपत्ति नुकसान करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

10 किसान हुए घायल
भारतीय किसान परिषद की तरफ से जानकारी दी गई कि सोमवार को नोएडा प्राधिकरण में प्रदर्शन के दौरान 10 किसान घायल हो गए हैं। इनमें अशोक चौहान, राजेंद्र यादव, जयपाल, सूरजमुखी, विजेंद्र, रिंकू, सोमवती, कुसुम आदि शामिल है। इनमें राजेंद्र यादव, अशोक चौहान और रिंकू को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में भारतीय किसान परिषद की तरफ से कोतवाली सेक्टर 20 में रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है। वही घायल किसान नेताओं से आम आदमी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने फोन पर बात की। जिला अस्पताल में घायल किसानों को देखने आप के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र जादौन के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल पहुंचा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें