दो बार पैसे लेने के बाद भी छात्र को कर रहे थे ब्लैकमेल
-बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने हनीट्रैप गिरोह के दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
-सिग्मा-4 निवासी एलएलबी के छात्र शिवांश की आत्महत्या का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने हनीट्रैप का शिकार हुए एलएल के छात्र की आत्महत्या के मामले में दो आरोपियों को जयपुर से गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्यों ने छात्र शिवांश का अश्लील वीडियो बनाया था और उसे ब्लैकमेल कर रहे थे। आरोपियों की पहचान जयपुर के मालवीय नगर निवासी अमित बर्मन और संजीव बदौतिया के रूप में की गई है। इन दोनों के बैंक अकाउंट में पैसा जमा हुआ था। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगी है।
सेक्टर सिग्मा-4 स्थित ग्रैंड फोर्ट अपार्टमेंट निवासी एलएलबी के छात्र शिवांश ने 23 मार्च को नाले में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। शिवांश निजी कंपनी में नौकरी भी करता था। पुलिस जांच में पता चला कि 20 मार्च को युवक के पास लड़की की वीडियो कॉल आई थी। जो नग्न अवस्था में थी। लड़की ने छात्र के भी कपड़े उतरवा दिए और उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद छात्र को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डर के कारण छात्र ने दो बार में करीब 26 हजार रुपये आरोपियों के बैंक अकाउंट में डाल दिए थे, लेकिन पैसे मिलने के बाद भी आरोपी लगातार ब्लैकमेल कर रहे थे। इससे तंग आकर छात्र ने सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या कर ली। आरोपियों को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों के अलावा तौफिक व कई अन्य गिरोह के सदस्य हैं। उनकी तलाश की जा रही है।