ग्रेटर नोएडा। इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग के मद्देनजर यमुना प्राधिकरण सेक्टर-28 में इलेक्ट्रिक व्हीकल सिटी (ईवी सिटी) विकसित करने जा रहा है। इसके लिए प्राधिकरण ने सैद्धांतिक मंजूरी दी है। इसमें ई-रिक्शा, इलेक्ट्रिक स्कूटी, बाइक, कार व लिथियम बैटरी का भी उत्पादन होगा।
एयरपोर्ट के निर्माण को हरी झंडी मिलने के बाद से ही निवेशकों का रुझान यीडा क्षेत्र में बढ़ता रहा है। हाल में ही इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चर वेलफेयर ट्रस्ट के चेयरमैन जय भगवान गोयल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह से मुलाकात की थी। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ईवी सिटी विकसित करने की मांग की थी। अब प्राधिकरण ने एसोसिएशन को ईवी सिटी विकसित करने की सैद्धांतिक मंजूरी दी है। यीडा के अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-28 में 100 एकड़ में यह सिटी विकसित होगी। सरकार ने 2018 में इलेक्ट्रिक व्हीकल नीति बनाई थी। प्राधिकरण भी इस नीति के अंतर्गत योजना पर काम कर रहा है। ईवी सिटी में आने वाली औद्योगिक इकाइयों को इसके अनुरूप सभी सुविधाएं उपलब्ध कराईं जाएंगी।
इकाइयां लगाने के लिए 50 उद्यमी तैयार
जय भगवान गोयल ने प्राधिकरण को बताया है कि 50 उद्यमी फिलहाल इकाइयां लगाने के लिए तैयार हैं। यमुना प्राधिकरण ने संगठन से जुड़े उद्यमियों से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट मांगी है। उम्मीद है कि जल्द ही इस परियोजना की रिपोर्ट संगठन सौंप देगा।
चार्जिंग स्टेशन से मिलेगा बढ़ावा
क्षेत्र में 100 नए चार्जिंग स्टेशन लगाए जाने हैं। इससे ईवी सिटी में उद्योग लगाने के प्रति कारोबारियों का रुझान और बढ़ेेगा। ईवी सिटी में कॉमन फैसिलिटी सेंटर, रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर, लैब टेस्टिंग स्किल डेवलपमेंट सेंटर आदि की सुविधाएं दी जाएंगी। इससे उद्यमियों को एक छत के नीचे ही सारी सुविधाएं मिलने लगेंगी।
उद्यमियों को ये मिलेंगे लाभ
ईवी सिटी में उद्यम लगाने वाले उद्यमियों को 50 प्रतिशत ब्याज में छूट 7 साल तक मिलेगी। यह पैसा सरकार वहन करेगी। रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर 5 प्रतिशत की सब्सिडी मिलेगी। इलेक्ट्रिक ड्यूटी 10 साल के लिए माफ होगी। स्टेट जीएसटी में 10 साल तक 90 प्रतिशत की छूट मिलेगी। 200 कर्मचारियों तक पीएफ में सरकार सहयोग करेगी। स्टांप शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।