स्क्रैप पॉलिसी को नहीं मिल रही रफ्तार, नौ महीने में जिले में सिर्फ 728 वाहन स्क्रैप
- मालिकों को अब भी बाहर भेजना लग रहा ज्यादा फायदेमंद, टैक्स में छूट का लालच भी नहीं आ रहा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए पुराने वाहनों को सड़कों से हटाने की कवायद के बावजूद गौतम बुद्ध नगर में स्क्रैपिंग नीति को रफ्तार नहीं मिल पा रही है। परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, एक जनवरी से 19 सितंबर 2026 तक जिले में अधिकृत केंद्रों पर केवल 728 वाहन स्क्रैप हुए हैं। वहीं, इसी अवधि में गाजियाबाद में 1,168 वाहन स्क्रैप कराए गए। जिले में दो लाख से अधिक वाहन निर्धारित आयु पूरी कर चुके हैं, लेकिन इनके मालिक गाड़ियां स्क्रैप कराने के बजाय एनओसी लेकर दूसरे जिलों और राज्यों में भेजने को प्राथमिकता दे रहे हैं।
सरकार की ओर से अधिकृत केंद्र पर वाहन स्क्रैप कराने के बाद नई निजी गाड़ी खरीदने पर रोड टैक्स में 25 प्रतिशत तक छूट और पंजीकरण प्रमाणपत्र शुल्क में राहत दी जाती है। इसके बावजूद वाहन मालिकों का रुझान कम है। इसकी वजह पुरानी गाड़ियों की दोबारा बिक्री से मिलने वाली बेहतर कीमत और स्क्रैप कराने पर मिलने वाली कम रकम मानी जा रही है।
एआरटीओ नंद कुमार ने बताया कि लोगों के मन में अभी भी गाड़ी स्क्रैप कराने को लेकर दुविधा रहती है। इसी वजह से वे अधिकृत केंद्र पर वाहन स्क्रैप कराने के बजाय उसे दूसरे जिलों में भेजने को ज्यादा तरजीह दे रहे हैं। परिवहन विभाग की ओर से लोगों को स्क्रैपिंग के फायदे बताए जा रहे हैं। साथ ही, निर्धारित आयु पूरी कर चुके वाहनों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।