नूंह। उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि जिले में डोर-टू-डोर ऑक्सीजन सिलिंडर रीफिल की सुविधा शुरू हो गई है। इसके लिए मरीज या उनके परिजनों को http://oxygenhry.in/ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। रेडक्रास सोसाइटी और समाजसेवी संस्थाओं के सदस्य सिलिंडर उपलब्ध कराएंगे। इससे होम आइसोलेट मरीजों को समय पर ऑक्सीजन मिल सकेगी और अस्पतालों के ऑक्सीजन बेड गंभीर संक्रमित मरीजों के लिए उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि ऑक्सीजन सिलिंडर रीफिल के लिए 19 लोगों के ऑनलाइन आवेदन मिले हैं। इनमें से 8 लोगों की समस्या का समाधान हो गया है। उन्होंने बताया कि अन्य व्यक्तियों को ऑक्सीजन उपलब्ध करवाने का कार्य प्रगति पर है। जिला स्तर पर रेडक्रास सचिव महेश गुप्ता के नेतृत्व में ऑक्सीजन सिलिंडर रीफिल की आपूर्ति की जा रही है।
रेडक्रॉस सचिव महेश गुप्ता ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के 24 घंटे के अंदर ऑक्सीजन सिलिंडर रीफिल की सुविधा मिल जाती है। जिला रेडक्रास टीम के माध्यम से सोमवार को पोर्टल पर 32 समाजसेवी संस्थाओं और 300 से अधिक स्वयंसेवकों का रजिस्ट्रेशन किया गया। रेडक्रॉस टीम एवं स्वयंसेवक ग्राम स्तर पर भी आमजन को कोरोना के प्रति जागरूक करेंगे। इसके तहत डोर टू डोर 2000 से अधिक मास्क वितरित किए जाएंगेे।