ग्रेनो के सेक्टर ओमीक्रॉन-दो स्थित मिग्सन अल्टीमों सोसाइटी में बच्चे को कुत्तों ने किया घायल।
- फोटो : Grnoida
ग्रेटर नोएडा। ओमीक्रॉन-3 स्थित मिग्सन अल्टीमो सोसाइटी में बच्चों के साथ खेल रही छह वर्ष की बच्ची को कुत्तों ने काट लिया। कुत्तों के हमले में बच्ची के चेहरे समेत शरीर पर कई जख्म हो गए। शिकायत के बाद प्रबंधन विभाग ने कुुत्तों को सोसाइटी से खदेड़ दिया।
सोसाइटी के टॉवर नंबर दो के फ्लैट नंबर 1606 निवासी अर्पिता बृहस्पतिवार को सोसाइटी के अन्य बच्चों के साथ पार्क में खेल रही थी। निवासियों ने बताया कि अचानक कुत्तों का झुंड लड़ते हुए आया और बच्ची पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने बच्ची के गाल पर बुरी तरह से काट लिया। सोसाइटी के लोगों ने मेंटेनेंस विभाग में इसकी शिकायत की। निवासियों का आरोप है कि इससे पहले भी कुत्ते कई लोगों पर हमला कर चुके हैं। इसकी शिकायत पहले भी मेंटेनेंस विभाग में की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि इन घटनाओं से निवासियों में भय व्याप्त है।
कुत्तों को खदेड़ने का वीडियो वायरल, रिपोर्ट दर्ज
शिकायत के बाद मेंटेनेंस विभाग के कर्मियों और सुरक्षाकर्मियों ने सोसाइटी में मौजूद कुत्तों को खदेड़ना शुरू कर दिया। इसका वीडियो वायरल हो गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद पशु-पक्षी प्रेमी संस्था की कावेरी राणा ने सूरजपुर कोतवाली में शिकायत दी है। उन्होंने पुलिस को दो वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया है कि सोसाइटी में मेंटेनेंस विभाग के राहुल गुप्ता ने सोसाइटी में कार्यरत मजदूरों और कर्मियों से कुत्तों को बाहर कराया है। इसमें एक पिल्ले को चोट आई है। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
सेक्टर-11 : लावारिस कुत्तों से निवासी परेशान
नोएडा। सेक्टर-11 धवलगिरी अपार्टमेंट के अंदर और बाहर लगभग 30 से ज्यादा लावारिस कुत्ते हैं। निवासियों का कहना है कि आए दिन कुत्ते किसी न किसी काटते रहते हैं। बुधवार शाम को लावारिस कुत्ते ने निवासी बीएल भट्ट को काटकर घायल कर दिया। निवासी संतोष खंडूरी ने कहा कि ऐसी घटना अक्सर बच्चों और बुजुर्गों के साथ होती रहती है। कई बार प्राधिकरण के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है।