फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घबराएं नहीं, साथ आएं... कोरोना से टीका ही बचाएगा

विज्ञापन
विज्ञापन
नोएडा। कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगाने के मामले में गौतमबुद्ध नगर ने आबादी लक्ष्य तो हासिल कर लिया है, लेकिन हकीकत में जिले की बड़ी आबादी को अब तक पहली डोज भी नहीं लग पाई है। इसमें 15 से 18 वर्ष के 25 हजार किशोर भी शामिल हैं जो पहली डोज के दायरे से अब तक बाहर हैं। वहीं, 65 हजार किशोरों को दूसरी डोज लगनी बाकी है। इस बीच जिला स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बच्चों के लिए टीकाकरण के विशेष सत्र आज से आयोजित होने जा रहे हैं।
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अपील की है कि अभिभावक बेहिचक केंद्रों पर आएं और बच्चों को टीका लगवाएं। शासन की ओर से जिले में 15,92,648 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य तय किया गया था, जबकि 16,72,923 लोगों को वैक्सीन का सुरक्षा कवच यानी दोनों डोज मिल चुकी हैं। आबादी लक्ष्य की तुलना में करीब 38 फीसदी ज्यादा यानी 22.02 लाख से अधिक लोगों को पहली डोज दी जा चुकी है। जनपद में 15 से 17 साल तक के 1,15,592 किशोरों का टीकाकरण का लक्ष्य था, जिसे फरवरी तक पूरा करना था। करीब 25 हजार किशोरों को अब तक वैक्सीन की पहली डोज भी नहीं लग सकी है। इसके पीछे कई वजह बताई जा रही हैं।
मसलन, स्कूल की परीक्षाओं के बीच टीकाकरण की गति बेहद मंद पड़ गई। साथ ही, फरवरी अंत और मार्च के शुरुआती दो सप्ताह में कोवॉक्सिन की कमी बनी रही। इसके बाद 7 से 14 मार्च तक नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों के लिए सघन मिशन इंद्रधनुष (आईएमआई 4.0) अभियान में स्वास्थ्य कर्मियों की व्यस्तता रही।
विज्ञापन

आज से गति पकड़ेगा बच्चों का टीकाकरण अभियान
स्वास्थ्य विभाग ने 12 से 14 वर्ष तक के बच्चों को कोर्बेवैक्स की पहली डोज के लिए 23 केंद्र बनाए हैं, जबकि 15 केंद्रों पर 15 से 17 वर्ष तक के किशोरों को कोवॉक्सिन की पहली और दूसरी डोज दी जाएगी। इसके अलावा 14 केंद्रों पर 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोविशील्ड लगेगी। सभी केंद्रों की सूची कोविन पोर्टल पर उपलब्ध है।
इन केंद्रों पर होगा टीकाकरण
- 12 से 14 वर्ष: चाइल्ड पीजीआई सेक्टर-30, एसीसी कान्वेंट स्कूल सेक्टर-33, महामाया बालिका इंटर कॉलेज सेक्टर-44, काल हूबर स्कूल सेक्टर-62, नवजीवन स्कूल, सीएचसी भंगेल, पीएचसी मामूरा, ईएसआईसी सेक्टर-24, पीएचसी बरौला, ओम विमला अस्पताल, जिम्स, पीएचसी दनकौर, बिहारी लाल इंटर कॉलेज, एसडी कन्या इंटर कॉलेज, सेंट जोसफ स्कूल, सीएचसी दादरी, एपीएचसी रबूपुरा, सीएचसी बिसरख, गौतमबुद्ध बालक इंटर कॉलेज, सीएचसी बादलपुर, सूरजपुर, रायपुर व पीएचसी जेवर आदि।
- 15 से 17 वर्ष : सेक्टर-30 चाइल्ड पीजीआई, जिम्स ग्रेटर नोएडा, एसडी कन्या इंटर कॉलेज, सेंट जोसेफ स्कूल, बिहारी लाल कॉलेज, सीएचसी बिसरख, गौतमबुद्ध बालक इंटर कॉलेज, नवजीवन स्कूल, कार्ल हूबर स्कूल, असीसी कांवेंट स्कूल, महामाया बालिका इंटर कॉलेज, ओम बिरला अस्पताल, सीएचसी बादलपुर, सूरजपुर, रायपुर।
- 18 वर्ष से अधिक : सेक्टर-30 जिला अस्पताल, जिम्स ग्रेटर नोएडा, पीएचसी दनकौर, सीएचसी दादरी, सीएचसी जेवर, पीएचसी जेवर, एपीएचसी रबुपुरा, सीएचसी बिसरख, सीएचसी भंगेल, यूपीएचसी भंगेल, पीएचसी मामूरा, ईएसआईसी सेक्टर-24, पीएचसी बरौला, सीएचसी बादलपुर।
जन्म तिथि का प्रमाण ले जाना न भूलें
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि 1 जनवरी 2008 से 20 मार्च 2010 के बीच जन्मे बच्चों को आज से कोर्बेवैक्स वैक्सीन की पहली डोज देने के लिए नियमित सत्र शुरू होने जा रहे हैं। कोविन पोर्टल पर ऑनलाइन स्लॉट बुक कराया जा सकता है। इसके अलावा वॉक इन व्यवस्था के तहत बच्चे के जन्म की तारीख का प्रमाण दिखाकर केंद्रों पर ऑन स्पॉट पंजीकरण की व्यवस्था भी की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें