नोएडा। उत्तर प्रदेश पुलिस के साइबर सेल ने बुधवार को तीन हजार करोड़ रुपये के ऑनलाइन फ्रॉड का खुलासा किया। इसका संबंध चीन से है। इस सिलसिले में पुलिस ने नोएडा से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यूपी साइबर सेल के एसपी त्रिवेेणी सिंह ने बताया कि गिरोह लोगों को पार्ट टाइम नौकरियों का झांसा देता था। गिरोह के लोग बताते थे कि बड़ी कंपनियों में नौकरी दिला सकते हैं और साथ ही वे धनराशि निवेश पर अच्छा रिटर्न दिलाने का भी सपना दिखाते थे।
उन्होंने बताया कि नोएडा साइबर पुलिस के अधिकारियों ने गिरोह के बदमाश को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी बरेली में 2 लाख रुपये के ऑनलाइन फ्रॉड के सिलसिले में की गई है। आरोपी पश्चिम बंगाल का 35 वर्षीय मंजरुल इस्लाम है। जांच के दौरान पुलिस को ऐसे ही कई और मामलों का पता लगा है। गिरोह के लोग पीड़ितों के खाते से पैसे निकालकर यूपीआई आईडी के जरिए क्रिप्टो वॉलेट में ट्रांसफर कर देते थे। यह क्रिप्टो वॉलेट चीन, मलयेशिया, फिलिपिंस और वियतनाम से संचालित होते थे। उन्होंने बताया कि पार्ट टाइम नौकरी दिलाने और निवेश का फ्रॉड करने के लिए गैंग लोगों को एसएमएस और व्हाट्स एप संदेश भेजता था। यह संदेश चीन में मौजूद सर्वर के जरिये भेजे जाते थे। उन्होंने बताया कि साइबर सेल ने पता लगाया है कि ठगी गई राशि को चीन में निकाल लिया गया है। इस मामले में जांच जारी है। एजेंसी/ ब्यूरो