नूंह। जिले में वायरल और डेंगू का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार को 12 और बृहस्पतिवार को डेंगू के 13 यानी दो दिन में 25 नए मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नूूंह जिले में अब तक डेंगू के कुल 73 केस हैं। जिले के कस्बों के साथ-साथ गांवों में भी डेंगू, वायरल बुखार तेजी से पैर पसार रहा है। सरकारी हो या फिर निजी अस्पताल सभी वायरल बुखार के मरीजों से भरे हैं। अधिकतर मरीजों में प्लेटलेट्स काफी कम हैं।
जिले में पांच वर्ष बाद डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला अस्पताल नूंह में अब तक 344 लोगों की जांच में 73 मामले डेंगू के मामले मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों से अलग हटकर बात करें तो जिले में प्राइवेट लैब एवं प्राइवेट क्लीनिकों पर मरीजों ने ब्लड की जांच करवाई है, उनमें से काफी लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। यह अलग बात है कि स्वास्थ्य विभाग उनके आंकड़ों को अभी तक जुटा नहीं पाया है और न ही इनकी पुष्टि कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने केवल अब तक डेंगू के 73 मामलों की ही पुष्टि की है। वहीं, प्राइवेट लैब की रिपोर्ट में आए डेंगू के आधा दर्जन से अधिक मरीजों की मौत हो चुकी है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग ने इतने मौतों की पुष्टि नहीं की है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विक्रम ने बताया कि जिला अस्पताल मांड़ीखेड़ा में जांच के दौरान डेंगू के 25 नए मामले आए हैं। जिले में अभी तक डेंगू के कुल 73 मामले सामने आ चुके हैं। विभाग द्वारा डेंगू की जांच के लिए 10 एलिजा किट भी उपलब्ध करवा दी गई हैं। डेंगू को खत्म करने के लिए गांवों में फॉगिंग करवाई जा रही है। बुखार से संक्रमित लोगों में डेंगू के लक्षण की पहचान के साथ जांच की जा रही है।
इन गांवों में मिले मरीज
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला अस्पताल नूंह में की गई जांच के दौरान गांव डूंगरान शहजादपुर, नगीना, झारपुरी, नांगल मुबारिकपुर, शादीपुर, मांडीखेड़ा, जाटका शीशवाना, मरोड़ा, रीगड़, बडक़ा, बूबलहेड़ी, बड़कली चौक, रौनपुर एवं भोंड़ में एक-एक मरीज डेंगू का मिला है। जबकि आकेड़ा में तीन, जलालपुर में दो, अड़बर में डेंगू की तीन मरीज मिले हैं। इसके अलावा जिले के गांव खानपुर घाटी में 8, फिरोजपुर झिरका शहर में चार, किरंजमेव में 13, झारपुरी में 7, तावडू में 3 सहित अन्य जगहों पर कुल 73 डेंगू के मरीज मिले हैं।
एक किट से 96 लोगों की होगी जांच
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को नूंह जिले में डेंगू की जांच के लिए 10 एलिजा किट मिली हैं। हालांकि, जिला अस्पताल में आरडीटी किट भी डेंगू की जांच के लिए आ चुकी थी। लेकिन, एलिजा किट से की जाने वाली डेंगू की जांच को स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सही मानता है। एक किट से 96 लोगों की जांच की जा सकती है।