नूंह (अंतराम खटाना) । जिले में डेंगू का प्रकोप थम नहीं रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शनिवार को डेंगू के 20 नए मामले मिले हैं। अब कुल डेंगू के मरीजों की संख्या 93 हो चुकी है। इससे पहले कुल 73 रोगी थे। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को 20 मरीज मिले थे। जिले में डेंगू की रफ्तार का इस तरह से बढ़ना लोगों को काफी चिंतित कर रहा है। वहीं, तेज बुखार से जिले के नूंह खंड के अड़बर, आकेड़ा के अलावा फिरोजपुर झिरका सहित अन्य कई जगहों पर आधा दर्जन से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने इन लोगों की मौत की वजह डेंगू नहीं बताया है।
हर दिन सरकारी अस्पतालों में बुखार से पीड़ित मरीजों की मलेरिया आदि जांच की जा रही है। हालांकि, विभाग के अनुसार अब तक जिले में मलेरिया के 4 मरीज मिले हैं। लेकिन, अगर गांवों में लोगों की कैंप आदि लगाकर जांच कराई जाए तो यह संख्या बढ़ सकती हैं। जिले में 2015 के बाद डेंगू की रफ्तार का बढ़ना चिंताजनक हैं। जिस तरह से यह रफ्तार बढ़ रही है, उससे निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को स्थायी तौर पर लोगों की राहत के लिए कदम उठाने की जरूरत है। हालांकि, विभाग द्वारा जिला नागरिक अस्पताल मांडीखेड़ा और नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में इलाज किया जा रहा है। लेकिन, जिले के बहुत से मरीज राजस्थान के अलवर सहित एनसीआर में उपचार करा रहे हैं।जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. बिमलेश तिवारी ने कहा कि मच्छरों के प्रकोप से बचने के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें। डेंगू का मच्छर दिन में काटता है, इसलिए बड़ों सहित बच्चों को पूरी बाजू के कपड़े पहनाएं। साथ ही बच्चों को मच्छरों से बचाने के लिए क्रीम भी लगाते रहे। कूलरों की सफाई नियमित करते रहें। अपने घरों के आसपास पानी को एकत्रित नहीं होने दें। वहीं, मलेरिया का मच्छर रात में काटता हैं। इससे बचने के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें।
अस्पताल में समय पर नहीं मिल रही रिपोर्ट
इन दिनों जिले के अधिकतर गांवों और शहरों में बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अधिकतर लोग बुखार के बढ़ते प्रकोप के कारण निजी अस्पतालों का रुख कर रहे हैं, क्योंकि सरकारी अस्पताल में समय पर जांच की रिपोर्ट नहीं मिल पाती है। इसका फायदा निजी अस्पताल संचालक मनमाने दाम वसूलकर उठा रहे हैं।
खुद भी सावधानी बरतें
इस बार जिले में हुई भारी बारिश से गांवों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसी कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को इससे निपटने के लिए खुद भी सावधानी बरतने की जरूरत हैं।
इन गांवों में मिले मरीज
फिरोजपुर झिरका में 4, नांगल, अहमदबास और डूडोली में 2-2 के अलावा शिकरावा, ढेकड़ी, नाईनंगला, बिसरू, मोहम्मदबास, मांडीखेड़ा, साठावाड़ी, प्रतापबास, खेड़ला व जयसिंहपुर में एक-एक डेंगू का मरीज मिला है।
तेज बुखार से युवक की मौत
फिरोजपुर झिरका। शहर के वार्ड नंबर आठ निवासी कुलदीप (18) की तेज बुखार से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, कुलदीप को तेज बुखार आने पर 4 दिन पूर्व स्थानीय निजी क्लीनिक में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, जहां उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे अलवर में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। संवाद