नोएडा। जिले में डेंगू-मलेरिया के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार को जारी स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में डेंगू के पांच नए मामले सामने आए हैं जिससे मरीजों की संख्या बढ़कर 44 हो गई है। ऐसे में चार साल का रिकॉर्ड टूट गया है। इससे पहले वर्ष 2019 में 40 मामले सामने आए थे। वहीं, मलेरिया के मरीजों की संख्या 45 तक पहुंच गई है। सेक्टर-30 स्थित जिला संयुक्त अस्पताल में रैपिड जांच के आधार पर सात मरीजों को भर्ती किया गया है। इनमें चंद्रदेव, कनन, अनुष्का, नितेश, रोशन, संजीत व अमित शामिल हैं। इन मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन एलाइजा जांच की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद ही इन्हें जिले के आंकड़ों में शामिल किया जाएगा।
वहीं, जिले में मलेरिया के मामले भी कहीं ज्यादा होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन जिला स्वास्थ्य विभाग मलेरिया से संबंधित मामलों की जानकारी छुपा रहा है। अगस्त में मलेरिया के 24 मामलों की पुष्टि मलेरिया विभाग ने की थी। इसके बाद रिपोर्ट तैयार न होने का हवाला दिया जा रहा है। हालांकि, अब मलेरिया के मामले बढ़कर लगभग दोगुने हो चुके हैं।
70 घरों में जांच, 123 वस्तुओं में जमा पानी फेंका
जिला मलेरिया विभाग की टीम ने बुधवार को बरौला में औचक निरीक्षण किया। सहायक मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा के नेतृत्व में टीम ने 70 घरों में जांच की गई। इस दौरान 123 वस्तुओं में जमा अनावश्यक जल को फेंका गया। टीम में जन स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. अमित शर्मा, एपीडेमियोलॉजिस्ट वर्तिका गुप्ता और मलेरिया निरीक्षक अजय शामिल रहे।
जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में पांच बेड बढे़
जिला अस्पताल में डेंगू मरीजों के लिए अलग से 10 बेड की व्यवस्था की गई थी, लेकिन मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने एहतियाती तौर पर बेड बढ़ाकर 15 कर दिए हैं। सभी बेड पर मच्छरदानी लगाई गई है। सीएमएस डॉ. सुषमा चंद्रा ने बताया कि जरूरत पड़ने पर और भी बेड बढ़ेंगे।
डेंगू के मामले मरीज
2017 13
2018 28
2019 40
2020 27
2021 44