Demonstration of teachers against the government, expressed anger over not getting salary for the last 6 months
नूंह। जिले के मेवात मॉडल स्कूलों में कार्यरत अध्यापक और अन्य कर्मचारियों को बीते 6 महीने से वेतन नहीं मिला है। अपनी इस मांग के संबंध में कर्मचारियों ने शुक्रवार को नूंह के मेवात मॉडल स्कूल के बाहर सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया।
उन्होंने बताया कि हर बार उनको वेतन के लिए आंदोलन करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्णय अनुसार स्कूलों को शिक्षा विभाग में समायोजन में देरी की जा रही है। इससे परेशान होकर उन्होंने मॉडल स्कूल एसोसिएशन की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। इस मौके पर एसोसिएशन के प्रधान सतीश खटाना व महासचिव निसार अहमद ने चेतावनी देकर कहा कि अगर शीघ्र वेतन का समाधान नहीं किया गया तो सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के साथ मिलकर जिला मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। कई महीने से वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों को अपना गुजर-बसर करने में भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हर बार वेतन की मांग को लेकर सिर्फ झूठा आश्वासन दिया जाता है। लेकिन सरकार व प्रशासन उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है। इस दौरान ब्लॉक नगीना प्रधान सुबेद्दीन, सुनील कुमार, कमरुद्दीन, शिवचरण, बिशन सिंह, अखलाक, अशोक कुमार, मोहम्मद इस्माईल, पूनम, संतोश, मधु, विजेंद्र सिंह और राजबीर राठी मुख्य रूप से मौजूद रहे।