नूंह। खंड के गांव फिरोजपुर नमक स्थित बीडीपीओ कार्यालय में मंगलवार को अध्यापकों ने अपनी मांगों के संबंध में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला उप प्रधान हसमत अली और नूंह खंड के प्रधान शमशेर लोरा ने बताया कि बार-बार लंबित मांगों को लेकर उनको प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उनकी मुख्य मांगों में हर कक्षा में एक अध्यापक नियुक्त करने, पहली से तीसरी कक्षा में छात्र-अध्यापक का अनुपात 1:20 और चौथी से पांचवीं तक 1:25 होना चाहिए।
प्राथमिक स्कूलों में मुख्य शिक्षक का पद स्वीकृत किया जाए। 150 से अधिक बच्चों वाले स्कूल में मुख्य अध्यापक नियुक्त होना चाहिए। स्कूलों के ऑनलाइन कार्य के लिए डाटा एंट्री ऑपरेटर की नियुक्ति की जाए। गैर शैक्षणिक कार्यों पर तत्काल रोक लगाई जाए। खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया को शुरू किया जाए। सेवानिवृत्त खाली स्थानों पर जेबीटी करने वाले युवाओं को अवसर दिया जाए। सभी जिलों में 10 प्रतिशत अध्यापकों की अतिरिक्त नियुक्ति की जाए, ताकि अवकाश पर जाने वाले अध्यापकों के रिक्त स्थानों की आपूर्ति की जा सके। उन्होंने बताया कि उनकी ये मांगें काफी पुरानी हैं। सरकार को बार-बार अवगत कराने पर उनकी मांगों को पूरा नहीं कराया जा रहा है, जिससे उनको प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने इस दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव और सचिव शिक्षा विभाग हरियाणा के नाम खंड शिक्षा विभाग के लिपिक जुबेर अहमद को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर मुख्य रूप से देवी सिंह खंड सचिव, बेद सिंह संगठन सचिव के अलावा अमित श्योराण, दिनेश राघव, रमेश बेरवाल, कमलेश रानी, शुभलता, कपिल जैन व हवा सिंह आदि मौजूद रहे।
शिक्षा विभाग में समायोजन करने की मांग
तावडू/ पुन्हाना। वोकेशनल टीचर्स एसोसिएशन मेवात की तरफ से मांगों के संबंध में सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश गौरैया के माध्यम से शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा गया। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार के एनएसक्यूएफ प्रोजेक्ट के तहत भर्ती सभी वोकेशनल टीचर्स सेवाएं दे रहे हैं। इन्हें सीधे शिक्षा विभाग में अनुबंध पर लिया गया था। राज्य भर के स्कूलों में यह शिक्षक 14 प्रकार की कौशल शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। वोकेशनल टीचर्स एसोसिएशन की मांग है कि इन सभी शिक्षकों का शिक्षा विभाग में समायोजन किया जाए। इसके लिए वर्ष 2019 में भी वोकेशनल टीचर एसोसिएशन द्वारा पंचकूला में अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया था। इसमें मुख्यमंत्री के पूर्व ओएसडी ने उनकी मांगों को पूरा करने का वादा किया था। इस मौके पर जिला कोषाध्यक्ष कामिल खान, मीडिया प्रभारी आरजे रजत, तावडू ब्लॉक प्रधान मोहित कोकेस, आरिफ हुसैन, होशियार अली, हरीश, हसीन, पंकज गुप्ता आदि मौजूद रहे।
फोटो: जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपते अध्यापक। - संवाद