जिले में चार माह कोरोना से मौत का मामला सामने आया है। हृदय, मधुमेह, हाइपरटेंशन व हाइपोथायराइड आदि बीमारियों से जूझ रही 76 वर्षीय महिला को तीन दिन पहले सेक्टर-62 स्थित फोर्टिस अस्पताल लाया गया था। कोविड-19 की जांच के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उपचार चल रहा था, लेकिन मंगलवार को महिला की मौत हो गई। अब जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 467 हो गई है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सुनील दोहरे ने बताया कि हृदय संबंधित तकलीफ होने पर शहरी क्षेत्र की एक महिला को तीन दिन पहले फोर्टिस में लाया गया था। महिला को भर्ती करने से पहले कोविड जांच कराई गई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। महिला का कोरोना वार्ड में उपचार चल रहा था। वैक्सीन लगी थी या नहीं, इसकी जानकारी के लिए परिजनों से संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है। जिले में कोरोना से पहली मौत छह मई 2020 को हुई थी, जबकि अंतिम मामला 13 जून 2021 को सामने आया था।