फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साइबर जालसाजों ने एनआईओएस के खाते से निकाले 60 लाख रुपये

विज्ञापन
विज्ञापन
नोएडा। साइबर जालसाजों ने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) के खाते में सेंध लगाकर 60 लाख रुपये निकाल लिए। जालसाजों ने एनआईओएस से मिलती जुलती ई-मेल आईडी इस्तेमाल कर फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। एनआईओस प्रबंधन ने मामले में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि बाद में मामले की शिकायत कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस से की गई। पुलिस व साइबर क्राइम टीम इस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन

पुलिस को दी शिकायत में एनआईओएस के सचिव प्रदीप कुमार मोहंती ने कहा है कि संस्थान का कार्यालय सेक्टर-62 में है। इसे नेशलन ओपेन स्कूल के नाम भी जाना जाता है। इस कार्यालय का एक खाता सेक्टर-62 के आईसीआईसीआई बैंक में है। शिकायत के मुताबिक इंस्टीट्यूट के बैंक अकाउंट से 26, 27 और 28 अप्रैल को तीन बार में 60 लाख रुपये की रकम निकाली गई। प्रबंधन को इसकी जानकारी 29 अप्रैल को मिली। जिसके बाद नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर ई-एफआईआर दर्ज कराई गई। वहां से एफआईआर रिजेक्ट होने की जानकारी मिलने पर इस मामले की शिकायत कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस से की गई।
पुलिस के मुताबिक बैंक की प्रारंभिक पड़ताल में पता चला कि मेल आईडी से आई पेंमेंट इन्वॉइस के आधार पर रकम ट्रांसफर की गई है। आशंका जताई जा रही है कि जालसाजों ने इंस्टीट्यूट के मेल आईडी से मिलती जुलती आईडी बनाकर इनवॉयस बैंक को भेजी और बैंक की तरफ से 60 लाख रुपये का ट्रांसफर कर दिया गया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि एनआईओएस के बैंक अकाउंट और मेल आईडी समेत अन्य तरह की जानकारी जालसाजों तक कैसे पहुंची। एसीपी रजनीश वर्मा ने बताया कि इस मामले में एनआईओएस की तरफ से कोतवाली सेक्टर-58 में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन

20 लाख रुपये और निकालने का प्रयास
60 लाख रुपये की जालसाजी के बाद भी साइबर बदमाशों ने संस्थान के खाते से बीस लाख रुपये और भी निकालने का प्रयास किया। हालांकि वह मामले में आरोपी सफल नहीं हुए। पुलिस अब उन बैंक अकाउंट के बारे में पता लगा रही है जिसमें पैसे ट्रांसफर हुए हैं।
देश में 4400 अध्ययन केंद्र
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 1986 के तहत वर्ष 1989 में राष्ट्रीय मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान (एनआईओएस) की स्थापना की गई थी। संस्थान पूर्व स्नातक स्तर तक विविध समूहों के शिक्षार्थियों को शिक्षा प्रदान करता है। देश में इसके 23 क्षेत्रीय और 4 उपकेंद्र हैं। साथ ही 4400 से अधिक अध्ययन केंद्र हैं। देश के अलावा कुवैत, मस्कट, नेपाल, कतर, संयुक्त अरब अमीरात में भी इसके अध्ययन केंद्र हैं। पिछले तीन वर्ष में नामांकित शिक्षार्थियों की संख्या 14 लाख से अधिक बताई जाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें