रोजगार मेले का निरीक्षण करतीं नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितू माहेश्वरी।
नोएडा। सेक्टर-33ए स्थित शिल्प हाट में दो दिवसीय रोजगार मेला का आयोजन शनिवार से शुरू हुआ। पहले दिन ही मेले में भीड़ उमड़ी। नौकरी की तलाश में आए कई युवाओं ने तो छह से सात कंपनियों में अपना बायोडाटा जमा कराया। मेले में करीब 17 से 18 कंपनियां आई थीं। पहले दिन 3300 युवाओं के बायोडाटा एकत्र किए गए। अब कंपनियां चयनित युवाओं को अपने स्तर पर जल्द ही कॉल करेंगी।
प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी भी रोजगार मेला में व्यवस्था देखने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे की विभिन्न कंपनियां रोजगार मेले में शामिल हो रही हैं। दो दिवसीय मेले में नोएडा प्राधिकरण संयोजन और नोडल एजेंसी की भूमिका निभा रहा है। मेले में मुख्य रूप से वेस्टवे इलेक्ट्रॉनिक्स, यूफ्लेक्स, ओप्पो, वीवो, हॉयर, माउंटेन व्यू टेकभनोलॉजी, धर्मपाल-प्रेमचंद लिमिटेड आदि नामचीन कंपनियां शामिल हुईं।
माउंटेन व्यू टेक्नॉलिजी कंपनी के स्टाल पर काफी भीड़ दिखी। यहां आवेदन स्वीकार कर रही मालविका ने बताया कि पहले ही दिन काफी भीड़ है। 100 आवेदनकर्ताओं का आंकड़ा कुछ ही घंटों में पूरा कर लिया था। नोएडा एंटरप्रिन्यिोर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन मल्हन ने कहा कि पहले दिन 17-18 कंपनियों ने मेले में शिरकत की है। रविवार को और भी कई कंपनियां मौजूद रहेंगी। इसके साथ मेले में कुछ ऐसे आईटी छात्र भी दिखे जो कि आईटी कंपनियों की तलाश कर रहे थे। रोजगार मेले में पहुंचे किसान इस दौरान बहुत ज्यादा खुश दिखे। किसान नेता पवन खटाना ने कहा कि प्राधिकरण की इस पहल से हम बहुत खुश हैं। उन्होंने प्राधिकरण से आग्रह किया कि नौकरी पाने वाला प्रत्येक व्यक्ति गौतम बुद्ध नगर से ही हो।