थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में बैंक अधिकारी बन ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने बंद एटीएम कार्ड को दोबारा चालू कराने का झांसा देकर उससे कार्ड और खाते संबंधी जानकारी ले ली और उसके बाद 20 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-12 निवासी आदित्य फेज-2 स्थित कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उनके पास एक फोन आया था। फोन करने वाले शख्स ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए उन्हें एटीएम कार्ड बंद होने की जानकारी दी।
उसने कार्ड को दोबारा चालू करने की बात कहकर आदित्य से डेबिट कार्ड और बैंक खाते की डिटेल ले ली और इसके बाद फोन काट दिया। फोन कटने के आधे घंटे बाद आदित्य के मोबाइल पर खाते से दो बार में 20 हजार रुपये निकलने का मैसेज मिला। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुृई ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने कस्टमर केयर पर संपर्क कर कार्ड ब्लॉक को करा दिया और पुलिस को सूचना दी।