डॉक्टर की हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम। गांव सिलानी में क्लीनिक बंद कर घर जा रहे चिकित्सक महासिंह की 7 अगस्त, 2012 को गोली मारकर हत्या करने के मामले में सोहना अपराध शाखा ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया है कि उन्होंने गांव अहीर माजरा के सरपंच धर्मबीर से 25 लाख रुपये की सुपारी लेकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस मामले के मुख्य आरोपी सरपंच की तलाश में छापेमारी कर रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-1) शमशेर सिंह ने सोमवार को पत्रकारवार्ता में बताया कि 7 अगस्त, 2012 को वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए थे। इनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही थी। सोहना अपराध शाखा प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह ने सूचना के आधार पर 20 फरवरी को सोनीपत के गांव खेड़ी गुर्जर निवासी रिजवान (34) को काबू किया था। आरोपी की निशानदेही पर उसके अन्य दो साथी खेड़ी गुर्जर निवासी विक्रम (33) व गांव समसपुर, सोनीपत निवासी जयदीप (33) को पुलिस ने रविवार को गांव खेड़ी गुर्जर से काबू किया। पुलिस ने उनको अदालत में पेश कर 5 दिन की रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयोग किए गए हथियार बरामद किए जाएंगे।