कार ने बाइक सवार सफाई कर्मी को मारी टक्कर, मौत
चालक कार छोड़कर फरार, नंबर के आधार पर पुलिस कर रही तलाश, युवक के पास नहीं मिला हेलमेट
अमर उजाला ब्यूरो
बिलासपुर। दनकौर-सिकंदराबाद मार्ग स्थित हरि सिंह पेट्रोल पंप के पास शनिवार को तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार के पास हेलमेट नहीं था। उसकी पहचान खानपुर गांव निवासी विनोद (25) के रूप में हुई है। वह ग्रेटर नोएडा के किसी प्राइवेट कंपनी में सफाई कर्मी का काम करते थे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, चालक मौके पर कार छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि विनोद बाइक पर सवार होकर चीती गांव में शादी समारोह में शरीक होकर अपने ससुराल भट्टा पारसौल जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास दनकौर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। तीन वर्ष पूर्व विनोद की शादी हुई थी, उसकी दो बेटियां भी हैं। विनोद के भाई प्रमोद ने कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने एसेंट कार कब्जे में लेकर नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।