बहन पर दो भाइयों ने डाला तेजाब, 50 फीसदी झुलसी
दादरी। जीटी रोड स्थित कोट पुल के पास दो भाइयों ने बहन पर तेजाब डाल दिया। युवती करीब 50 फीसदी झुलस गई। तेजाब डालने के बाद दोनों आरोपी पीड़िता को नहर के नजदीक फेंककर फरार हो गए। झुलसी युवती को पुलिस ने नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि बुलंदशहर के गुलावठी कस्बा निवासी हबीज की पुत्री सलमा को उसके दो भाई नोएडा घुमाने के बहाने ऑल्टो कार में बिठाकर घर से लेकर आए थे। रास्ते में सलमा से मारपीट करने लगे। बहन के विरोध करने पर दोनों भाइयों ने उसे कार से नीचे उतार दिया। उसके ऊपर तेजाब डालकर कोट नहर के नजदीक फेंककर फरार हो गए। नहर के नजदीक आने जाने वालों ने तड़पती युवती को देखकर घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
महिला की हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल से दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल युवती का बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोट
घायल युवती ने अपने दो भाइयों पर तेजाब डालकर हत्या की कोशिश करने का बयान दिया है। युवती को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा करेगी। घटना की वजह का पता नहीं चल सका है। - अवनीश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी।