तीन पुलिसकर्मियों सहित पांच के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
बल्लभगढ़। आदर्श नगर थाने में पूछताछ के दौरान तबियत खराब होने पर बुजुर्ग की संदिग्ध हालत में मौत के मामले में तीन पुलिसकर्मियों सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मामला दर्ज होने के बाद पीड़ित परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सूबेदार कॉलोनी निवासी विनोद वर्मा (62) का सराफा का काम था। पुलिस के अनुसार विनोद वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। बेटे सौरभ ने बताया कि रविवार सुबह आदर्श नगर थाने से आए तीन पुलिसकर्मी उनके पिता को पूछताछ के लिए ले गए थे। वे लोग थाने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें उनके पिता से नहीं मिलने दिया। थोड़ी देर बाद ही उन्हें पता चला कि उनके पिता बाथरूम गए थे और जब बाहर निकले तो उनके मुंह से झाग निकल रहा था। वे वहीं बेहोश होकर गिर गए। पुलिसकर्मी उन्हें बल्लभगढ़ सिविल अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने जांच के दौरान उनके कार्ड पर पॉइजन (जहर) लिखकर उन्हें सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। मगर हालत ज्यादा खराब होने के कारण उन्हें सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल में भर्ती करवा दिया। इलाज के दौरान बुधवार को विनोद वर्मा की मौत हो गई। सौरभ वर्मा के अनुसार पुलिस ने उन्हें बताया कि उनको हार्ट अटैक हुआ था और उपचार के दौरान उनको स्टेंट भी डाला गया।
सौरभ का आरोप है कि पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाने वालों के साथ मिलकर उनके पिता को जहर दिया, जिससे उनकी मौत हुई। सौरभ ने सवाल उठाया कि उनके पिता चार दिन तक सर्वोदय अस्पताल में भर्ती रहे, मगर अस्पताल प्रबंधन ने उनसे एक रुपया तक नहीं लिया और अब बिना पैसों के पुलिस शव भी ले आई है। इससे साफ है कि कहीं न कहीं गड़बड़ है।
बृहस्पतिवार को सौरभ ने पुलिस को धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाने वाले दोनों व्यक्तियों सहित उन तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ पिता की हत्या की शिकायत दी। इस पर आदर्श नगर थाना पुलिस ने राजेश और कंवरपाल सहित तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। हालांकि दर्ज मामले में पुलिसकर्मियों का नाम नहीं लिखा गया है। पीड़ित परिजनों को भी उनके नाम नहीं पता हैं। मामला दर्ज होने के बाद दोपहर को पुलिस ने विनोद वर्मा के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। एसीपी बल्लभगढ़ जयवीर राठी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।