हिमाचल सहित अन्य के लिए
--------------
हेडिंग: फ्लैट में मौजूद सात दोस्तों पर हत्या का केस
सबहेड: पांचवीं मंजिल से गिरकर इंजीनियर की मौत का मामला
बहन ने हत्या का लगाया आरोप, हिरासत में लिए गए आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। नए साल के जश्न मनाने के दौरान पांचवीं मंजिल से गिरकर इंजीनियर विवेक परमार की मौत मामले में उसके सात दोस्तों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। विवेक की बहन की तहरीर पर कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। वहीं, कोतवाली फेज थ्री पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मृलरूप से कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश निवासी विवेक सेक्टर 122 स्थित जोडियक सोसायटी में दोस्त शिवम व एक अन्य युवक के साथ रह रहे थे। वह ग्रेटर नोएडा स्थित एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। दोनों रूम पार्टनर नए साल पर अपने घर गए हुए हैं। सोमवार रात उनके फ्लैट पर यशविंद्र कौशिक समेत सात दोस्त नववर्ष की पार्टी करने आए थे। मंगलवार तड़के करीब 4 बजे संदिग्ध हालात में वह पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गए और मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मंगलवार रात को विवेक के परिजन नोएडा पहुंचे। बुधवार को परिजनों की उपस्थिति में पोस्टमार्टम कराया गया। परिजन ने यशविंद्र और उनके दोस्तों पर पांचवीं मंजिल से नीचे फेंकने का आरोप लगाया है। सभी आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया है।
दोस्तों ने बताया, यह हादसा था
इस हादसे के बाद से ही पुलिस ने फ्लैट में मौजूद सभी दोस्तों को हिरासत में ले लिया था। दोस्तों का कहना है कि सभी लोग शराब पीकर मस्ती कर रहे थे। इसी दौरान विवेक नीचे गिर गया। यह हादसा था। दोस्तों के बीच कोई विवाद नहीं था। यश के अलावा कई दोस्त, जो पार्टी में मौजूद थे। वह पहली बार ही विवेक से मिले थे।