नोएडा एयरपोर्ट
------------
हेडिंग: यीडा ने दी 15 तहरीर, एफआईआर एक भी दर्ज नहीं
जेवर में नोएडा एयरपोर्ट की जमीन पर हो रहा कब्जा
खनन व कालोनी काटने वालों पर नहीं हो रही कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट के आसपास जमीन पर अतिक्रमण काफी बढ़ गया है। अधिसूचित एरिया में मिट्टी खनन के साथ ही कॉलोनी भी खूब काटी जा रही हैं, फिर भी खनन और कॉलोनी काटने वालों पर कार्रवाई नहीं हो रही। यीडा का कहना है कि खनन व कालोनी काटने वालों के खिलाफ 15 से अधिक शिकायतें दी गईं, लेकिन एक भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
जेवर के दयानतपुर, रोही-पारोही व रन्हेरा समेत छह गांवों की जमीन पर नोएडा एयरपोर्ट बसाने की प्रक्रिया चल रही है। एक तरफ जिला प्रशासन किसानों से सहमति लेकर जमीन लेने की कोशिश कर रहा है तो दूसरी तरफ नियाल इसे बनाने वाली कंपनी का चयन करने के लिए बिडिंग प्रोसेस पूरा करने में लगी है। वहीं, अवैध कालोनाइजर प्रस्तावित एयरपोर्ट की जमीन पर कालोनी काटने और मिट्टी खनन करने में लगे हैं। आए दिन ऐसी शिकायतें यीडा को भी मिल रही हैं, फिर भी इन पर रोक नहीं लग पा रही। इस बारे में पूछने पर यीडा के अधिकारियों का कहना है कि खनन और कालोनी काटने वालों के खिलाफ 15 से अधिक तहरीर लंबित है। अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। इस बारे में शीघ्र ही एसएसपी को पत्र लिखने की भी बात कही जा रही है।