हथियारों के बल पर 12 हजार लूटे
रबूपुरा। नोएडा से भूसा बेचकर आ रहे व्यक्ति से कार सवार बदमाशों ने हथियारों के बल पर नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाश हाथापाई कर हवा में हथियार लहराते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस से मामले की शिकायत की है। उधर, पुलिस घटना की जानकारी से इंकार कर रही है।
गांव पलहाका निवासी अशोक ट्रैक्टर से शुक्रवार को नोएडा में भूसा बेचने गया था। वहां से लौटते समय देर हो गई। आरोप है कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे जैसे ही वह मिर्जापुर के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आई स्विफ्ट कार में सवार पांच बदमाशों ने गाड़ी आगे लगाकर ट्रैक्टर रुकवा लिया। आरोप है जब तक पीड़ित कुछ समझ पाता बदमाशों ने उस पर तमंचा तान दिया। बदमाशों ने मारपीट करते हुए पीड़ित से 12 हजार रुपये लूट लिए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। ब्यूरो