मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के जमीन बरामदपुर मुहल्ले में शनिवार को अपराह्न सरेराह उच्चका भुजैनी निवासी सेल्समैन विजय पाल से 90 हजार झपट कर फरार हो गया। स्थानीय एक इलेक्ट्रिक की दुकान का सेल्समैन यह रहम लेकर पैदल ही आधा किलोमीटर दूर स्थित एक बैंक में जमा कराने जा रहा था। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है। वह सेल्समैन से पूछताछ कर रही।
कस्बेे के गोलवार टोला मुहल्ले में गोपाल चंद्र गुप्ता की इलेक्ट्रिक की होलसेल की दुकान है। दुकानदार ने शनिवार को सेल्समैन को 90 हजार रुपये देकर उसे ओरियंटल बैंक में जमा करने के लिए भेजा। सेल्समैन एक बैग में रुपये रखकर पैदल ही चल दिया। सेल्समैन के अनुसार, वह कुछ ही दूर गया था कि अचानक पीछे से पैदल आए एक उचक्के ने झपट्टा मारकर उसके हाथ से बैग छीन लिया और भाग गया। दिन दहाड़े हुई इस दुस्साहसिक घटना से सेल्समैन हतप्रभ रह गया। कुछ ही देर में संभलकर उसने शोर मचाकर उचक्के को पकड़ने के लिए लोगों से मदद की गुहार लगाई।
लोग मामले को समझ पाते, तब तक उचक्का भीड़ भाड का लाभ उठाकर भाग निकला। सेल्समैन ने घटना की जानकारी पहले अपने मालिक को दी और इसके बाद पुलिस को सूचना दी। दिनदहाड़े हुई इस घटना की जानकारी पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की बाबत जानकार ली। बाद में पुलिस सेल्समैन को अपने साथ ले गई। पुलिस घटना को आंजम देने वाले बदमाश का सुराग लगाने में लगी हुई है।