हेडिंग: कार में लिफ्ट देकर युवक को लूटा
बंधकर बनाकर धमकाया और एटीएम से निकाले 20 हजार
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। कार सवार बदमाशों ने मंगलवार रात एक युवक को लिफ्ट देकर बंधक बनाया और उसे आधे घंटे तक नोएडा की सड़कों पर घुमाते रहे। युवक से लूटपाट के बाद उसके एटीएम से बीस हजार रुपये निकाल लिए। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से आगरा निवासी सार्थक सेक्टर-12 में रहते हैं। वह सेक्टर-3 स्थित एक कंपनी में काम करते हैं। सोमवार को वह किसी काम से गुरुग्राम गए थे। रात करीब दस बजेे वह सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन पर उतरे और रजनीगंधा चौराहे पर सेक्टर-12 जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार करने लगे। इसी दौरान एक ऑल्टो कार आई और सार्थक को सेक्टर-12 जाने की बात कहकर लिफ्ट दे दी। कुछ दूर तक चलने के बाद पिछली सीट पर बैठे दो बदमाशों ने गन प्वाइंट पर ले लिया और बंधक बना लिया। बदमाशों ने उससे नकदी व पर्स लूट लिया। इसके बाद उसे सेक्टर-18 में एक एटीएम पर लेकर पहुंचे। यहां धमकाकर उससे पिन नंबर पूछ लिया और एटीएम से 20 हजार रुपये निकाले। इसके बाद बदमाशों ने रास्ते में उसकी टी शर्ट उतरवा ली और रजनीगंधा के पास ही उतार दिया। सार्थक ने किसी की मदद से पुलिस को सूचना दी और कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस से शिकायत की। एसपी सिटी सुधा सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी की जांच कराई जा रही है।
30 मिनट तक घुमाते रहे, नहीं मिली पुलिस
शहर में चौबीस घंटे गश्त करने का दावा करने वाली नोएडा पुलिस की पोल इस घटना से खुल गई। रजनीगंधा चौराहे जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके से बदमाशों ने लिफ्ट दी। इसके बाद सेक्टर-19, जीआईपी होते हुए सेक्टर-18 पहुंचे। करीब आधे घंटे तक बदमाशों ने युवक को घुमाया लेकिन पुलिस कहीं नहीं मिली। जबकि इस दौरान कई पुलिस चौकियां भी हैं। पीआरवी से लेकर पीसीआर कहीं नहीं थी।