आश्रम से लड़कियां गायब होने के मामले में
दिल्ली पुलिस आयुक्त से मिलीं मालीवाल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिलशाद गार्डन स्थित संस्कार आश्रम (शेल्टर होम) से नौ लड़कियों के लापता होने के बाद अब तक उनका कोई सुराग न मिला है। इस मामले को लेकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल शुक्रवार को दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक से मिलीं। उन्होंने पुलिस आयुक्त से कहा कि 5 दिन पहले ही गुजर चुके हैं, मगर अब तक लड़कियों का कोई पता नहीं है। इस पर पुलिस क्या कर रही है। उन्होंने कहा कि लड़कियों को जीबी रोड से मुक्त करवाया गया था और डर है कि उनको फिर से तस्करी करके देह व्यापार में धकेल दिया गया होगा।
उन्होंने आयुक्त से अपील की कि वह अपराध शाखा को निर्देश दें कि वो इस मामले की तह तक जाए और मानव तस्करों और आश्रय गृह के अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस के गठजोड़ का पता लगाएं। उन्होंने कहा कि उनको विश्वास नहीं होता कि 9 लड़कियां बिना किसी आश्रम के कर्मचारी की जानकारी और मिलीभगत के सरकार द्वारा संचालित आश्रय गृह से गायब हो गईं। उन्होंने कहा कि लड़कियों ने जीबी रोड से छुड़ाए जाने के बाद आयोग को बताया था कि उनके साथ जीबी रोड पर रोजाना 20 लोग दुष्कर्म करते थे। जब आयोग की टीम उन्हे छुड़ाने जा रही थी तो दिल्ली पुलिस ने कोठे के मालिकों के साथ मिलकर उनको छुपाने की कोशिश की थी। उन्होंने पुलिस आयुक्त से अपील की कि कमला मार्केट पुलिस थाने में कोई संवेदनशील पुलिस अफसर तैनात किया जाए। जिसके क्षेत्र में जीबी रोड स्थित है। इस बीच पुलिस आयुक्त ने दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष द्वारा उठाए गए मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई करने का भरोसा दिया।